11/09/2026
“वक्ताओं की ताकत, लेखकों का अभिमान,
हिंदी है भारत की पहचान।”
कनासु वर्ल्ड स्कूल, सूरत में बाल वाटिका एवं कक्षा १ से ५ के विद्यार्थियों द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की समृद्धि, सुंदरता और महत्त्व को विभिन्न रचनात्मक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी कविता वाचन, संत कबीर दास जी के प्रेरणादायक दोहों का वाचन, “हिंदी का सम्मान” विषय पर नाट्य प्रस्तुति तथा हिंदी भाषा के महत्त्व पर भाषण प्रस्तुत किए।
“अलग-अलग प्रदेश, किंतु एक देश” विषय पर विद्यार्थियों ने भारत की विविध संस्कृतियों और विविधता में एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वहीं, “हिंदी है जन-जन की भाषा” तथा “कश्मीर से कन्याकुमारी तक, हिंदी है सबको प्यारी” जैसे भावों ने हिंदी की व्यापकता और लोगों को जोड़ने वाली शक्ति को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया, बल्कि हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना भी प्रकट की।
यह हिंदी दिवस समारोह विद्यार्थियों के लिए सीखने, अभिव्यक्त करने और अपनी भाषा पर गर्व करने का एक आनंदमय एवं यादगार अवसर रहा।
हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ !