25/09/2026
FB 3144-
"150 वर्षों की राष्ट्रीय चेतना को नमन, एक स्वर में गूंजा ‘वंदे मातरम्’"
‘नमामि भारतम्’ के तहत सरस्वती विद्या मंदिर कादीपुर में सामूहिक गान, राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हुआ विद्यालय परिसर"
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नमामि भारतम्’ के अंतर्गत शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झारखंड कादीपुर में सामूहिक वंदे मातरम् गान कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभावना के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के भैया-बहनों, आचार्यों एवं विद्यालय परिवार ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गान कर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है। यह मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, स्वाभिमान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का सनातन मंत्र है। सामूहिक रूप से इसका गायन राष्ट्रीय एकात्मता एवं सांस्कृतिक स्वाभिमान के जागरण का माध्यम बना।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री अवधेश कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और स्वाभिमान जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह सामूहिक गायन नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संघर्ष की गौरवशाली स्मृतियों और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
‘नमामि भारतम्’ अभियान के अंतर्गत देशभर के हजारों विद्यालयों एवं संस्थानों में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झारखंड कादीपुर ने भी सहभागिता कर ‘एक स्वर—एक संकल्प—एक भारत’ की भावना को साकार किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण के भाव के साथ संपन्न हुआ।
सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कालेज झारखंड कादीपुर सुलतानपुर उ०प्र०