17/08/2026
पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय टुटू में हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
नशे से दूर रहने और नशा-मुक्त हिमाचल के निर्माण का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
टुटू, शिमला, 16 अगस्त। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय टुटू, शिमला-11 में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्या डॉ. रशिमा राणा के मार्गदर्शन में विद्यालय प्रबंधन समिति, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों की सहभागिता से आयोजित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक अमृत लाल पुरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
नशे के खिलाफ विद्यार्थियों को किया जागरूक
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर आयोजित जागरूकता संवाद रहा। शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला मंडी, अभिमन्यु वर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक तथा कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और गलत संगति से बचने का आह्वान किया। उन्होंने अनुशासित जीवन अपनाने तथा किसी भी प्रकार के दबाव या समस्या की स्थिति में अभिभावकों, शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों से समय रहते सहायता लेने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षा, अनुशासन, सही निर्णय लेने और जिम्मेदार नागरिक बनने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
नशे से बाहर निकलकर सफलता की प्रेरक कहानी साझा की
इस अवसर पर श्री सृजन भार्गव ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नशे की गंभीर चुनौती से बाहर निकलकर उन्होंने अपने जीवन को नई दिशा दी और आज एक सफल उद्यमी के रूप में समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी संघर्ष से सुधार और सफलता तक की प्रेरक यात्रा ने विद्यार्थियों को प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार एवं समाज के सहयोग और सकारात्मक सोच के बल पर व्यक्ति कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलकर सम्मानजनक एवं सफल जीवन जी सकता है।
प्रधानाचार्या डॉ. रशिमा राणा ने मुख्य अतिथि अमृत लाल पुरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा और सृजन भार्गव का विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा कार्यक्रम को सार्थक बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सदैव याद रखने और अनुशासित, जिम्मेदार, संवेदनशील एवं नशा-मुक्त नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नशा-मुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।