08/08/2026
प्रोजेक्ट उम्मीद-दिवस 10
Osmic Academy, खटीमा
विज्ञान को केवल किताबों में पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है। जब बच्चे स्वयं किसी गतिविधि को करते हैं, उसके पीछे छिपे कारण को समझते हैं और अपने आसपास की चीजों से विज्ञान को जोड़ते हैं, तभी सीखना वास्तव में सार्थक बनता है।
प्रोजेक्ट उम्मीद के दिवस 10 पर Osmic Academy, खटीमा में विद्यार्थियों के साथ इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न विज्ञान आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए Bird in the Cage गतिविधि कराई गई। इस सरल और रोचक गतिविधि के माध्यम से बच्चों को इसके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांत को समझाया गया। बच्चों ने गतिविधि को बहुत उत्सुकता के साथ किया और यह जानने का प्रयास किया कि आखिर ऐसा क्यों होता है। छोटे बच्चों की जिज्ञासा और उनके सवालों ने पूरे सत्र को और भी रोचक बना दिया।
कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के लिए Food Adulteration पर एक विशेष जागरूकता एवं प्रयोगात्मक सत्र आयोजित किया गया।
इस सत्र में विद्यार्थियों ने केवल खाद्य मिलावट के बारे में जानकारी प्राप्त नहीं की, बल्कि विभिन्न खाद्य पदार्थों की शुद्धता की जांच करने की प्रक्रिया को प्रयोगों के माध्यम से समझा।
सत्र के दौरान दूध, चायपत्ती, नमक, चीनी, हरी मिर्च, मूंग दाल, अरहर दाल, चने की दाल, काली मिर्च, चावल, आटा, फल, शहद, घी सहित कई सामान्य रूप से उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की गई।
विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव इसलिए खास रहा क्योंकि उन्होंने महसूस किया कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला या किताबों तक सीमित नहीं है। हमारे घर की रसोई से लेकर बाजार में मिलने वाले खाद्य पदार्थों तक, विज्ञान हमारे दैनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता के साथ साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, निरीक्षण क्षमता और तार्किक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।
Project Umeed का उद्देश्य केवल बच्चों को विज्ञान पढ़ाना नहीं, बल्कि उनमें सवाल पूछने, चीजों को समझने, प्रमाण के आधार पर सोचने और अपने आसपास की दुनिया को वैज्ञानिक नजरिए से देखने की आदत विकसित करना है।
Facilitators
Vinay Joshi
Sumit Pandey