10/08/2026
रविवार को भी K.L.P. कॉलेज में उमड़ी प्रवेशार्थियों की भीड़
रेवाड़ी। रविवार को किशन लाल पब्लिक कॉलेज (K.L.P. College), रेवाड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में बढ़ते उत्साह का नजारा
देखने को मिला। अवकाश के दिन भी कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहुंचे। कॉलेज के प्रवेश केंद्र पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन द्वारा प्रवेश संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रवेशार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों, विषयों, करियर की संभावनाओं तथा कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
के.एल.पी. कॉलेज में कला, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, कंप्यूटर, पत्रकारिता एवं जनसंचार, जैव प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न रोजगारोन्मुख एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं तथा सत्र 2026-27 में बी ए, बी एस सी( फिजिकल साइंस), बी एस सी (लाइफ़ साइंस) बी कॉम, बी बी ए, बी सी ए, बी ए पत्रकारिता एवं जनसंचार, बी एस सी (बायोटेक्नोलॉजी), बी वॉक (एम एल टी) तथा अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कविता गुप्ता ने कहा कि रविवार को भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का कॉलेज पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, कौशल निर्माण और बेहतर करियर के अवसरों के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कॉलेज प्रबंधकारिणी के अध्यक्ष श्री रिपुदमन गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री संदीप खंडेलवाल, महासचिव श्री अरविंद गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा रस्तोगी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के इस विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि के.एल.पी. कॉलेज केवल डिग्री प्रदान करने का संस्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उन्हें तैयार करने वाला एक सशक्त शैक्षणिक मंच है।