10/11/2025
मदर इंडिया कॉन्वेंट स्कूल रतिया की टीम “भारत को जानो” प्रतियोगिता में खंड स्तरीय विजेता घोषित
मदर इंडिया कॉन्वेंट स्कूल रतिया के लिए गर्व का विषय रहा जब विद्यालय की टीम ने “भारत को जानो” प्रतियोगिता के खंड स्तरीय मुकाबले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र शुभम तथा कपिल के नेतृत्व में टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दूसरी ओर विद्यालय की कनिष्ठ वर्ग टीम इस प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर रही जिसका नेतृत्व हिमांशु, विराज तथा कृतिका ने किया। एक विशेष कार्यक्रम के दौरान दोनों टीमों के सभी बच्चों को सम्मानित किया गया। यह विशिष्ट सम्मान रतिया के एस.डी.एम. श्री सुरेन्द्र सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी श्री शशि प्रकाश जी द्वारा प्रदान किया गया।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। प्रधानाचार्य श्री लोकेश खुराना ने छात्रों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि “हमारे छात्र निरंतर परिश्रम और समर्पण से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।”
वहीं विद्यालय के प्रबंधक श्री बसंत लाल बत्रा ने विजयी टीम की सराहना करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। हम भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा रखते हैं।”
मदर इंडिया कॉन्वेंट स्कूल रतिया की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।