14/08/2017
*आज घोषित हुआ बोर्ड की पूरक परीक्षाओं का परिणाम*
भिवानी, 14 अगस्त, 2017 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने आज यहाँ बताया कि बोर्ड की सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी पूरक परीक्षा का परिणाम आज 14 अगस्त को घोषित किया गया है। यह परिणाम बोर्ड की वैबसाईट www.bseh.org.in पर देखा जा सकता है।
अध्यक्ष ने बताया कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड द्वारा पहली बार वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी (कम्पार्टमेंट/आंशिक अंक सुधार/अतिरिक्त विषय) तथा सैमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी (आंशिक अंक सुधार/अतिरिक्त विषय) की पूरक परीक्षा का आयोजन जुलाई माह में तथा परीक्षा परिणाम अगस्त माह की 14 तारीख को घोषित करके रिकार्ड बनाया है।
बोर्ड सचिव श्री अनिल नागर, एच.सी.एस. ने बताया कि बोर्ड की जुलाई-2017 में संचालित सैकेण्डरी की पूरक परीक्षा का परिणाम 38.64 फीसदी रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस पूरक परीक्षा में 17622 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 6810 उत्तीर्ण हुए, इनमें से 9598 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट आयी है, 1146 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे हैं। इस पूरक परीक्षा में 38.68 प्रतिशत कामयाब लड़कियों की तुलना में 38.62 प्रतिशत ही लडक़े सफलता प्राप्त कर सके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड की जुलाई-2017 में संचालित सीनियर सैकेण्डरी की पूरक परीक्षा का परिणाम 44.94 फीसदी रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस पूरक परीक्षा में 46716 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 20994 उत्तीर्ण हुए, इनमें से 20692 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट आयी है। इस पूरक परीक्षा में 47.16 प्रतिशत कामयाब लड़कियों की तुलना में 43.76 प्रतिशत ही लडक़े सफलता प्राप्त कर सके हैं।