07/05/2026
सीबीए में आयोजित हुआ ’थिंक बिफाॅर यू क्लिक, थिंक बिफाॅर यू ड्राईव’ 🚗⚠️📵
जिला पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कलाल ने साइबर और सड़क सुरक्षा पर विद्यार्थियों को किया जागरूक 😇✌
राजसमन्द जिले की अग्रणी शिक्षण संस्था दी क्रिएटिव ब्रेन एकेडमी सीनियर सैकण्डरी स्कूल में एज्युकेशनल एण्ड करियर सेमिनार का आयोजन किया गया जिसमें साईबर क्राईम ब्रांच राजसमन्द द्वारा छात्रों को साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध निवारण और सड़क सुरक्षा के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम पुलिस विभाग की पहल पर आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य बच्चों को इंटरनेट सुरक्षा, साइबर अपराध के खतरे और सड़क पर सुरक्षित रहने के तरीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, सीबीए की प्रशासिका शीतल गुर्जर, सह निदेशक अभिदेव शर्मा व जिला प्रोग्रामिंग सेल के खैरूल वसीम द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। सह निदेशक अभिदेव शर्मा व प्रशासिका शीतल गुर्जर ने सभी अतिथियों का उपरणा ओढाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं, पुलिस विभाग, एथिकल हैकिंग तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने जीवन संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक यात्रा भी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी बातों ने विद्यार्थियों को अत्यंत प्रेरित किया। सेमिनार में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा जीवन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रश्नों के सरल एवं प्रेरणादायक उत्तर देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
साथ ही साईबर एक्सपर्ट खैरूल वसीम ने विद्यार्थियों को ‘साईबर शील्ड एवं सडक सुरक्षा जीवन रक्षा पहल’ के तहत बताया कि आजकल के डिजिटल युग में साइबर अपराधों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, और इनसे बचने के लिए सभी को सतर्क और जागरूक रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्रों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में समझाते हुए विभिन्न ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में बताया और यह समझाया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
इसके अलावा, उन्होंने सोशल मीडिया पर गोपनीयता की सुरक्षा के तरीके भी बताए। साथ ही पूलिस विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे क्विज के बारे में भी जानकारी दी जिसमें भाग लेकर विद्यार्थी इस सभी समस्यों के खिलाफ जागरूक हो सके। इस क्विज में भाग लेने पर विद्यार्थियों को विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान छात्रों ने अपनी जिज्ञासाओं को साझा किया और विशेषज्ञों से सवाल भी किए, जिनका विशेषज्ञों ने संतोषजनक जवाब दिया।
इस दौरान नाथद्वारा पुलिस निरीक्षक कमलेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। सेमिनार के अंत में सीबीए की प्रशासिका शीतल गुर्जर ने ’थिंक बिफाॅर यू क्लिक, थिंक बिफाॅर यू ड्राईव’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया तथा अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
— Team CBA
The Creative Brain Academy
(A CBSE Affiliated Senior Secondary School)
(A Brand of Quality Education)