23/05/2025
एक पत्र छात्रों के नाम
✍️ एक शिक्षक
परीक्षा परिणाम
प्रिय मित्रों,
आज राजस्थान बोर्ड (RBSE) का परिणाम घोषित हुआ है। अन्य बोर्डों ने भी अपने परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। आप सभी ने अलग-अलग अंक प्राप्त किए होंगे। लेकिन याद रखिए — अंक कभी भी सफलता का अंतिम मापदंड नहीं होते। ये केवल एक क्षणिक उपलब्धि का विषय हैं।
यकीन मानिए, ये अंक आपके पूरे जीवन का आधार नहीं हैं। इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में, एक संस्थान संचालक होने के नाते मेरा व्यावसायिक धर्म है कि मैं अच्छे अंकों वाले विद्यार्थियों को सराहूं; लेकिन सिर्फ विषयों में प्राप्त नंबर, जीवन की सच्ची योग्यता को नहीं दर्शाते।
जिन विद्यार्थियों को अपेक्षा से कम अंक मिले हैं — मैं उनसे विशेष रूप से कहना चाहता हूँ: जीवन की सच्चाई इस कागजी मूल्यांकन से कहीं ऊपर है। कृपया किसी भी क्षणिक भावावेश में न आएं — चाहे आप टॉपर हों या असफल घोषित किए गए हों। यह समय आपकी मानसिक शक्ति की परीक्षा है। जागरूक रहें, संयम रखें। अपने निर्णय आप स्वयं लें, न कि समाज या तुलना के आधार पर।
हो सकता है आप इस कागजी दुनिया से अलग सोच रखते हों।
याद रखें:
"तु माटी का लाल है, कोई कंकड़ या धूल नहीं,
तु समय बदल के रख देगा, इतिहास लिखेगा भूल नहीं।
तु भोर का पहला तारा है, परिवर्तन का एक नारा है,
ये संशय कुछ पल का है, फिर सब कुछ तुम्हारा है।
तुम नमक नहीं, चंदन हो साथी, तुम तिलक हमारे माथे का।"
इसलिए आनंदित रहें और अपनी असली पहचान की तलाश जारी रखें। यही जीवन का मार्ग है — आत्म-विश्वास और निरंतरता।
आपका साथी,
एक शिक्षक