01/09/2026
लखीसराय में होगा 14वाँ परमानंद सिंह मेमोरियल ऑल बिहार अंडर-15 शतरंज टूर्नामेंट
*********************************************
लखीसराय जिला शतरंज संघ (LDCA) के तत्वावधान में आगामी 6 सितंबर 2026 को 14वाँ परमानंद सिंह मेमोरियल ऑल बिहार अंडर-15 शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता राम कृष्ण रेसिडेंशियल स्कूल, एस.पी. आवास बाइपास रोड, लखीसराय में आयोजित होगी।
टूर्नामेंट में बिहार के विभिन्न जिलों से अंडर-15 आयु वर्ग के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 9:30 बजे होगा, जबकि पहला राउंड 10:00 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। प्रतियोगिता स्विस लीग पद्धति के तहत आयोजित की जाएगी तथा कुल 6 राउंड खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को 15 मिनट + 10 सेकंड इन्क्रीमेंट का समय नियंत्रण दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में शीर्ष पांच खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को स्मृति पदक (मेडल) देकर सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
लखीसराय जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बिहार के युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना तथा जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देना है। उन्होंने राज्य भर के खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।