12/05/2026
आज दिनांक 12 मई,2026 को करोंथा कांड के अमर शहीद संदीप आर्य के शहादत दिवस पर आर्य बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा , तथा विशेष हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के प्रधान तथा मंत्री, विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य, शहीद संदीप आर्य के परिवार के सदस्य, विद्यार्थी तथा अध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के प्रधान श्री धर्मवीर आर्य ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में शहीद संदीप आर्य के अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने सभी को राष्ट्र सेवा एवं समाज उत्थान के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया।
मंत्री श्री विजयपाल आर्य ने अपने उद्बोधन में शहीदों के बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों की शहादत सदैव समाज को जागरूक एवं प्रेरित करती रहेगी। विद्यालय के प्रधान श्री रणदीप कादियान जी ने शहीद संदीप आर्य को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा बच्चों को जीवन में ऋषि दयानंद के सिद्धांतों को अपने के लिए प्रेरित किया।प्रबंधक श्री सुखबीर जागलान ने कहा कि आर्य समाज हमेशा से ही ऐसे वीर सपूतों के बलिदानों का साक्षी रहा है जिन्होंने समाज में फैली हुई बुराइयों को खत्म करने का बीड़ा उठाया था। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शहीद संदीप आर्य के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में भजनोपदेशक श्री रामनिवास आर्य ने अपने भावपूर्ण एवं ओजस्वी भजनों के माध्यम से शहीदों की स्मृतियों को जीवंत कर दिया। उनके मार्मिक भजनों से पूरा वातावरण भावुक एवं गमगीन हो उठा तथा उपस्थित सभी जन शहीदों के प्रति श्रद्धा से नतमस्तक हो गए।
समारोह का समापन शहीद संदीप आर्य को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राष्ट्रभक्ति , आर्य समाज के प्रति सच्ची निष्ठा एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया।