01/07/2026
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धरवास पांगी में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की नई कार्यकारिणी का गठन मंगलवार को सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। यह गठन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जय सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान किया गया।
बैठक में अभिभावकों एवं विद्यालय से जुड़े सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से श्री विनोज शर्मा को विद्यालय प्रबंधन समिति का प्रधान (अध्यक्ष) चुना गया। वहीं श्रीमती बबीता कुमारी को समिति का उपप्रधान (उपाध्यक्ष) निर्वाचित किया गया।
प्रधानाचार्य श्री जय सिंह ठाकुर ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा तथा शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी विद्यालय के विकास और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए सक्रियता से कार्य करेगी।
बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने चुनाव प्रक्रिया के सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा नवगठित कार्यकारिणी को आगामी दो वर्षों के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।