24/08/2026
दिनांक 24-08-2026 को डी.ए वी. पुलिस पब्लिक स्कूल (पंचकूला ) में आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के सम्मानित अध्यक्ष श्री पूनम सूरी जी के मार्गदर्शन एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के निर्देशानुसार तथा प्रधानाचार्या श्रीमती अमिता सचदेवा जी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से पुलिस पब्लिक स्कूल, पंचकूला में श्रावणी पर्व एवं वेद सप्ताह के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा तृतीय से अष्टम तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रों का शुद्ध, स्पष्ट एवं लयबद्ध उच्चारण करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मंत्रोच्चारण से विद्यालय परिसर का वातावरण आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उच्चारण की शुद्धता, स्वर एवं लय, प्रवाह, आत्मविश्वास, भाव-प्रस्तुति तथा मंचीय अभिव्यक्ति को प्रमुख आधार बनाया गया। प्रतिभागियों ने पूरे अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। उनके उत्कृष्ट मंत्रोच्चारण ने भारतीय वैदिक परंपरा की समृद्ध विरासत को जीवंत रूप प्रदान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधानाचार्या श्रीमती अमिता सचदेवा जी का मार्गदर्शन एवं सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को वेदों के ज्ञान एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वैदिक ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और आत्मिक चेतना से जुड़ने का एक प्रेरणादायी अवसर बना। श्रावणी पर्व पर गूँजे वैदिक मंत्रों ने विद्यालय परिसर को श्रद्धा, संस्कृति और ज्ञान की दिव्य आभा से आलोकित कर दिया।