28/02/2024
इंग्लैंड को हराकर भारत ने घर में लगातार 17वीं टेस्ट सीरीज जीत ली है। भारत ने रांची टेस्ट 5 विकेट से जीत लिया है इंग्लैंड से मिले 192 रन के लक्ष्य को उसने ध्रुव जुरेल (39) और शुभमन गिल (52) की नाबाद पारियों के साथ ही रोहित शर्मा (55) के अर्धशतक के बूते हासिल किया। टीम इंडिया ने रांची फतेह करने के साथ ही 5 टेस्ट की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त ले ली। भारतीय टीम चौथे दिन जीत के जरूरी रन बनाते हुए लड़खड़ाई, लेकिन जुरेल और गिल की छठे विकेट की 72 रन की अटूट साझेदारी ने टी ब्रेक से पहले काम पूरा कर दिया। शुभमन गिल ने 124 गेंद खेली और व छक्के लगाए। जुरेल ने 77 गेंद का सामना किया और 2 चौके लगाए। उन्होंने पहली पारी में 90 रन बनाए थे।
इंग्लैंड ने भारत की दूसरी पारी में एक समय 120 पर 5 विकेट गिराकर खलबली मचा दी थी, लेकिन जुरेल-गिल की युवा जोड़ी ने हालात काबू में किए और जीत सुनिश्चित की। इंग्लैंड की ओर से शोएब बशीर ने 3 विकेट चटकाए। भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट धर्मशाला में 7 मार्च से खेला जाएगा। भारत ने घर में लगातार 17वीं टेस्ट सीरीज जीती है। उसे आखिरी बार 2012-13 में इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से हार मिली थी। इसके बाद से 10 साल में कोई टीम भारत में आकर टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई। वहीं बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड का जून 2022 से टेस्ट सीरीज ना हारने का रिकॉर्ड खत्म हो गया। इंग्लिश टीम को डेढ़ साल बाद किसी टेस्ट सीरीज में हार मिली है। जून 2022 के बाद पहली बार इंग्लैंड ने लगातार 3 टेस्ट गंवाए हैं।
भारत ने विशाखापतनम में 106 और राजकोट में 434 रन से मैच जीता था। इंग्लैंड ने हैदराबाद में जीत के साथ खाता खोला था। भारत ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत बिना नुकसान के 40 रन के साथ की। इंग्लैंड ने दिन का पहला ओवर जेम्स एंडरसन को दिया जिन्होंने मेडन फेंका। लेकिन बशीर के अगले ओवर से भारत की रनगति फिर शुरू हो गई। रोहित ने एंडरसन के ओवर में छक्का लगाकर भारत को 50 रन के पार कराया। आगे के ओवर्स में रोहित और जायसवाल ने बाउंड्री बटोरना जारी रखा और 17 ओवर में भारत ने 83 रन बना लिए। स्टोक्स ने 18वें ओवर में रूट को आक्रमण पर लगाया। उन्होंने तीसरी ही गेंद पर कामयाबी हासिल की और यशस्वी जायसवाल का विकेट लिया। भारतीय ओपनर आक्रामक शॉट लगाने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड मैन पर एंडरसन के हाथों लपके गए।
41 साल के इंग्लिश खिलाड़ी ने आगे की तरफ डाइव लगाकर जबरदस्त कैच पकड़ा। जायसवाल के जाने के बाद भारत की रनगति धीमी हुई। इस बीच रोहित ने 69 गेंद में पचासा पूरा किया, लेकिन हार्टली की गेंद को ऑफ साइड में खेलने की कोशिश में वह 55 के स्कोर पर कीपर बेन फोक्स के हाथों लपके गए। यह विकेट 99 रन के स्कोर पर गिरा। इस सीरीज में अभी तक नाकाम रहे रजत पाटीदार का खराब प्रदर्शन जारी रहा। वे छह गेंद खेलकर बशीर की गेंद पर शॉर्ट लेग पर लपके गए। भारतीय बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुआ। यह विकेट 99 रन पर ही गिरा। रवींद्र जडेजा पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए आए। लेकिन लंच से पहले उन्होंने और गिल ने रन बनाने की बजाए विकेट बचाने पर जोर दिया। इससे लंच की समाप्ति तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 118 रन था।
जडेजा लंच के बाद दूसरे ओवर में बशीर की फुल टॉस गेंद को मिडविकेट पर खड़े जॉनी बेयरस्टो के हाथों में हार बैठे। इस बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने काफी धीमी बैटिंग की और वे प्रेशर में चले गए। इसी का नतीजा रहा कि फुल टॉस पर उन्होंने विकेट गिफ्ट कर दिया। अगली गेंद पर सरफराज खान बैकवर्ड शॉर्ट लेग पर लपके गए। उन्होंने फ्रंट फुट पर डिफेंस करना चाहा लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पोप के पास गई जिन्होंने बड़े आराम से इसे लपक लिया। इससे भारत का स्कोर पांच विकेट पर 120 रन हो गया और बशीर हैट्रिक पर आ गए। पहली पारी में 90 रन की शानदार पारी खेलने वाले जुरेल ने पहले हैट्रिक बचाई।।इसके बाद गिल के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए अटूट साझेदारी की। उन्होंने कदमों का बढ़िया इस्तेमाल करते हुए सिंगल-डबल लेकर भारत के स्कोर को गति दी