02/08/2023
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना के दिव्यांग छात्र गौतम मोयल ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा
नरवाना, 1 अगस्त (नरेन्द्र जेठी) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना के दिव्यांग छात्र गौतम मोयल पुत्र कमलदीप मोयल ने बिना किसी महंगी कोचिंग के अपने अध्यापकों के मार्गदर्शन में एमबीबीएस रोहतक में दाखिला लेकर ना केवल सरकारी स्कूलों का सम्मान बढ़ाया बल्कि दिव्यांग समुदाय का भी मान सम्मान बढ़ाया। इनके पिताजी कमलदीप मोयल एक छोटी सी दुकान चलाते हैं उनके लिए महंगी फीस भरना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं है। मजदूर का बेटा एमबीबीएस बनेगा तो निश्चित तौर पर वह समाज के किसान, मजदूर, दबे -कुचले तबके का अच्छा इलाज करने का काम करेगा। दिव्यांग छात्र को तो गौतम की प्रतिभा के साथ-साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना के अध्यापकों की प्रतिभा का भी यह नमूना है। इस बच्चे को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शक के रुप में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता शिवकरण जांगड़ा , संगीता श्रुति, ऋतु दीपिका, शिमला, सज्जन का विशेष सहयोग रहा है।इससे पहले भी कई छात्रों का इस विद्यालय से एमबीबीएस में दाखिला हुआ है। जिसमें से एक दिव्यांग छात्र एमबीबीएसके साथ एमडी कर रहा है। विद्यालय परिवार की तरफ से गौतम मोयल को शानदार मोमेंटो देकर तथा नरवाना के नगर पार्षद आशुतोष शर्मा ने विद्यालय परिसर में आकर छात्र गौतम मोयल को रूपए 3100 देकर छात्र को सम्मानित किया। गौरतलब है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना के प्राचार्य राजेंद्र आजाद भी एक दिव्यांग है और हरियाणा शिक्षा विभाग के दिव्यांगजन के ब्रांड अम्बेसडर हैं। नरवाना के इस स्कूल में दिव्यांग बच्चों के लिए खंड स्तरीय संसाधन कक्ष है जिसमें स्पेशल टीचर मनीष राठी विद्यार्थियों को ट्रैण्ड करती है। प्राचार्य राजेंद्र आजाद ने कहा कि गौतम मोयल ने प्रथम प्रयास में रोहतक मेडिकल कॉलेज में जो दाखिला लिया है, उसमें गौतम ने अपने माता-पिता, विद्यालय, नरवाना क्षेत्र के साथ-साथ दिव्यांग समुदाय का भी नाम रोशन किया है। छात्र द्वारा बिना किसी महंगी कोचिंग के अपने राजकीय स्कूल के अध्यापकों के मार्गदर्शन में एमबीबीएस में दाखिला होना यह इंगित करता है कि आम जनमानस का बच्चा सरकारी विद्यालय में पढक़र बड़े सपने बुनकर उन्हें मूर्त रूप दे सकता है। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ ज्योति श्योकन्द और बीआरसी सुरेश नैन ने प्राचार्य राजेंद्र आजाद,विद्यार्थी, अभिभावकों एवं विद्यालय के मेहनती स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय, और नरवाना के लिए गौरव की बात है।सभी अध्यापकों ,प्राध्यापकों, विद्यालय स्टाफ ने छात्र गौतम मोयल को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्राचार्य राजेंद्र आजाद, शिवकरण जांगड़ा, नगर पार्षद आशुतोष शर्मा, संतोष, लक्ष्मी,सीमा ,मक्खन सिंह और समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। इस बच्चे को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शक के रुप में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता शिवकरण जांगड़ा का विशेष सहयोग रहा है