01/04/2026
दिनांक 31 मार्च दिन मंगलवार को आर्यन पब्लिक स्कूल हथो में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 का वार्षिक परीक्षा परिणाम अत्यंत हर्षोल्लास के साथ घोषित किया गया। विद्यालय के प्रांगण में आयोजित एक विशेष समारोह में छात्रों की साल भर की मेहनत के सुखद परिणाम सामनेआए। जिसमें विद्यालय का कुल परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रमाणित किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा नौवीं में साक्षी व नेहा प्रथम स्थान, आंचल द्वितीय तथा सूर्यदेव व रूद्रमणि ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी मेहनत की सफलता का परिचय दिया। कक्षा आठवीं में जिया, दिशु, निधि प्रथम स्थान,अर्पिता, मनप्रीत व सीनू द्वितीय तथा दिव्या व गरीना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा सातवीं में प्रीत व रजत प्रथम स्थान, अरमान द्वितीय तथा तुषार तृतीय स्थान पर विराजमान रहे। कक्षा छठी में जानवी व हर्षिता प्रथम स्थान, दिशा , संजना व लविश द्वितीय तथा कनिष व कमल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसी अनुकरण में जहां मुख्य कक्षाओं ने श्रेष्ठता सिद्ध की वहीं प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे नन्हे सितारों ने भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सबको हैरान कर दिया। कक्षा पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में 5-5 व 6-6 विद्यार्थियों ने प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी पहचान बनाई है। इन सभी कक्षाओं की मेहनत व लगन को सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती तृप्ता कौशिक ने अपने संभाषण में कहा कि ये कल का भविष्य हैं। इनकी आज की सफलता उनके कल के बड़े सपनों का आधार बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को नए स्तर की कक्षाओं के लिए बधाइयां दी। शैक्षणिक अंकों के साथ-साथ अनेक विद्यार्थियों को उनके उत्तम व्यवहार के लिए भी सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य श्री वीरेंद्र गर्ग जी द्वारा प्रत्येक सफल विद्यार्थी को उसकी मेहनत के लिए स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके मनोबल को बढ़ाया। अव्वल आने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी की चमक साफ झलक रही थी। वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय के शैक्षणिक स्तर की प्रशंसा की। इसके साथ ही पूरा परिसर तालिया की गूंज से सरोबार हो उठा।