26/09/2026
*राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस 24 सितंबर 2026 पर विवि परिसर स्थित कृषि संकाय में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का भव्य आयोजन*
*प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज परिसर स्थित कृषि संकाय में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर 24 सितंबर 2026 को “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया गया।* कार्यक्रम का आयोजन कृषि संकाय एवं *राष्ट्रीय सेवा योजना* के संयुक्त एवं समन्वित प्रयास से किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सेवा-भावना को विकसित करना रहा। कार्यक्रम की मूल भावना *“Not Me But You — मेरी सेवा ही मेरा संकल्प”* पर आधारित रही।
कार्यक्रम के दौरान विवि के संरक्षक एवं विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति *डॉ. अखिलेश कुमार सिंह जी* मुख्य अतिथि के रूप में रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. (डॉ.) विनीता यादव, वित्त अधिकारी श्री सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार सिंह तथा अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. (डॉ.) आशुतोष कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अतुल कुमार वर्मा एवं ईकाई द्वितीय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उत्कर्ष उपाध्याय रहे। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. (डॉ.) राजकुमार गुप्ता, कुलानुशासक एवं कृषि समन्वयक तथा सह-संयोजक डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, कृषि संकाय रहे।
इस अवसर पर माननीय कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि _“राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। 'मैं नहीं, आप' का मंत्र हमें स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के लिए जीना सिखाता है।”
उन्होंने कहा कि कृषि संकाय में आयोजित यह सेवा संकल्प अभियान इस बात का प्रमाण है कि हमारे विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे धरती, पर्यावरण और समाज से भी गहराई से जुड़े हैं। स्वच्छता, वृक्षारोपण और वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने जो सेवा का संकल्प लिया है, वही विकसित भारत की नींव बनेगा। कुलपति जी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के साथ-साथ गांवों में जाकर किसानों को जैविक खेती, जल संरक्षण और स्मार्ट कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम की शुरुआत कृषि संकाय परिसर में *विशेष स्वच्छता एवं गहन सफाई अभियान* से की गई। विद्यार्थियों ने कृषि संकाय के पूरे ब्लॉक एवं निर्धारित परिसर क्षेत्रों में सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। कक्षाओं, फर्नीचर, खिड़कियों, दरवाजों, पंखों, प्रकाश व्यवस्था, दीवारों, कोनों, कॉरिडोर, सीढ़ियों, बरामदों, प्रदर्शनी स्थल तथा बाहरी परिसर की गहन सफाई की गई।
इसके पश्चात *वृक्षारोपण कार्यक्रम* आयोजित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण *विज्ञान प्रदर्शनी एवं मॉडल प्रस्तुतीकरण* रहा। विद्यार्थियों ने कृषि, स्मार्ट सिंचाई, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा एवं सतत विकास से संबंधित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए।
शासन के निर्देश के क्रम में *नशा मुक्ति अभियान* को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनएसएस के स्वयंसेवकों के द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को मादक पदार्थों एवं तंबाकू के स्वास्थ्य, परिवार व समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।नुक्कड़ नाटक एवं नारों के माध्यम से "नशा छोड़ो - जीवन जोड़ो" का संदेश दिया गया।
सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त जीवन जीने और समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली।
विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशा मुक्त बनाए रखने हेतु निरंतर जागरूकता एवं परामर्श अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
*नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण* का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणा दी कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत करने का मंच भी है।
सादर धन्यवाद 🙏