05/04/2026
आजकल एडमिशन के समय कुछ लोग घर-घर जाकर अभिभावकों को तरह-तरह के प्रलोभन देते हैं। वे मीठी-मीठी बातें करके कम फीस, शानदार परिणाम और उज्ज्वल भविष्य के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन वास्तविकता अक्सर इन दावों से बिल्कुल अलग होती है। ऐसे में अभिभावकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि वे किसी भी प्रकार के झांसे में आकर अपने बच्चों के भविष्य से समझौता न करें।
फीस कम होने का लालच सबसे बड़ा हथियार होता है। कई लोग इसी आधार पर अभिभावकों को आकर्षित करते हैं, लेकिन यह समझना जरूरी है कि केवल कम फीस ही अच्छी शिक्षा की गारंटी नहीं होती। शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों का अनुभव, नियमित पढ़ाई का वातावरण और विद्यालय का अनुशासन—ये सभी बातें कहीं अधिक महत्वपूर्ण होती हैं। जो संस्थान पूरे वर्ष मेहनत करने में विश्वास रखते हैं, वे कभी भी सिर्फ एक महीने की मार्केटिंग के भरोसे अपनी पहचान नहीं बनाते।
शिक्षा को व्यापार बनाकर चलने वाले किसी बच्चे का भला नहीं कर सकते । उनकी मजबूरी नहीं अपने बच्चे के भविष्य का जरूर ध्यान रखें । एक बार बच्चा ट्रैक चुकने के बाद बच्चे का पटरी पर आना मुश्किल होता है । जिस संस्थान के द्वारा आपको रिश्तेदारी का वास्ता देकर आपके बच्चे को अपने यहां admission का दबाव बनाये तो उनको सीधा ना कहना सीखे । वो तो अपनी जेब भर लेंगे पर आपके बच्चे के भविष्य की पूंजी माइनस में चली जाएगी।
अक्सर देखा जाता है कि ऐसे स्कूलों में शिक्षकों का टिकाव भी नहीं होता। समय पर वेतन न मिलने के कारण अच्छे शिक्षक वहाँ काम करना पसंद नहीं करते और जो रहते भी हैं, वे मजबूरी में रहते हैं। परिणामस्वरूप, बीच सत्र में ही शिक्षक बदल जाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ता है। एक स्थिर और समर्पित शिक्षक ही विद्यार्थी को सही दिशा दे सकता है, लेकिन जब शिक्षक ही बार-बार बदलते रहें, तो शिक्षा की गुणवत्ता गिरना स्वाभाविक है।
इसके अलावा, ऐसे संस्थान बड़े-बड़े वादे तो कर लेते हैं—जैसे 100% रिजल्ट, व्यक्तिगत ध्यान, आधुनिक सुविधाएँ आदि—लेकिन समय आने पर उन वादों को पूरा नहीं कर पाते। इससे न केवल अभिभावकों का विश्वास टूटता है, बल्कि निजी विद्यालयों की छवि भी खराब होती है। कुछ लोगों की इस तरह की सोच और कार्यशैली पूरे शिक्षा तंत्र को नुकसान पहुँचाती है।
इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि वे किसी भी विद्यालय में एडमिशन लेने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें। केवल बातों या दिखावे पर विश्वास न करें, बल्कि विद्यालय का वातावरण देखें, शिक्षकों से मिलें, पुराने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से फीडबैक लें। यह भी देखें कि विद्यालय पूरे वर्ष किस प्रकार की पढ़ाई और गतिविधियों पर ध्यान देता है।
अंततः, बच्चे का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। थोड़ी सी सतर्कता और सही निर्णय लेकर हम अपने बच्चों को एक मजबूत और उज्ज्वल भविष्य दे सकते हैं। इसलिए किसी के बहकावे में आने के बजाय सोच-समझकर निर्णय लें और ऐसे विद्यालय का चयन करें जो वास्तव में पूरे साल मेहनत और ईमानदारी से शिक्षा प्रदान करता हो।