03/12/2025
श्री कृष्णा जन सेवा संस्थान, नदबई
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस – 3 दिसम्बर 2025
आज श्री कृष्णा जन सेवा संस्थान द्वारा संचालित विशेष विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। संस्थान पिछले कई वर्षों से दिव्यांगजन बच्चों के लिए विशेष शिक्षा, थेरेपी और कौशल विकास की सेवाएं निरंतर प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु कटारा जी रहे, जिन्होंने विद्यालय के दिव्यांग बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे बच्चे हमारी प्रेरणा हैं। उन्होंने सभी से दिव्यांगजन के प्रति मधुर व्यवहार, सम्मान और सहयोग बनाए रखने का संदेश दिया।
संस्थान के निदेशक अजीत सिंह राना जी ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री कृष्णा जन सेवा संस्थान द्वारा संचालित विशेष विद्यालय का उद्देश्य यही है कि दिव्यांग बच्चे सामान्य बच्चों की तरह आत्मनिर्भर जीवन जी सकें। उन्होंने बच्चों को भविष्य में आत्मविश्वास, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चे, शिक्षक और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस रैली का उद्देश्य समाज में दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस आयोजन को सफल बनाने में सरवन कुमार, सौरभ कुमार, ऋषिकेश, और सीमा सहित सभी स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
संस्थान ने पुनः यह संकल्प दोहराया कि वह दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, पुनर्वास और कौशल विकास के लिए भविष्य में और भी सार्थक प्रयास करता रहेगा।