05/06/2023
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों व शिक्षकों की टीम ने एक ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार किया है जो एक बार चार्ज करने पर 70 किलोमीटर तक का सफर सरपट तब कर सकता हैं। लैपटाप की बैटरी से चलने वाले इस थ्री सीटर इलेक्ट्रिक स्कूटर को मात्र एक घंटा दस मिनट की अवधि में किसी भी सामान्य इलेक्ट्रिक प्लग के माध्यम से चार्ज कर उपयोग में लाया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि आज के समय में जब पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, आवश्यक है कि हम ऐसे इनोवेशन करें जो प्रदूषण की समस्या के निदान में मददगार हों और विवि के शिक्षकों
व विद्यार्थियों द्वारा तैयार इलेक्ट्रिक स्कूटर मित्रा ऐसा ही एक प्रयास है। कुलपति ने कहा कि इस स्कूटर से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से एक बार में तीन व्यक्ति यात्रा कर सकते हैं। मात्र 21 हजार रुपये की लागत में वेस्ट मेटीरियल से तैयार यह स्कूटर प्रदूषण रहित पर्यावरण हितैषी उत्पाद है।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थी अभिषेक शर्मा, आदर्श तिवारी, भुख्या वामशी, मुज्जखीर अली खान, फैजान अशरफ और शिक्षक डॉ. मुरलीधर नायक भुख्या व डॉ. सुधीर कुमार की टीम द्वारा तैयार इस इलेक्टिक स्कूटर के संबंध में आवश्यक पेटेंट इत्यादि की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई हैं। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. फूल सिंह ने शिक्षकों व विद्यार्थियों की इस खोज पर खुशी जतायी।