16/11/2025
*"ऑपरेशन ट्रैकडाउन": एक ही दिन में 257 अपराधी गिरफ्तार, अपराध सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार*
चंडीगढ़, 14 नवंबर 2025
14 नवंबर 2025 को 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' के तहत विभिन्न अपराधों में शामिल 257 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। डीजीपी हरियाणा के निर्देश पर चलाए गए इस एक दिवसीय सघन अभियान के तहत दर्ज किए गए गंभीर मामलों में 76 कुख्यात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने अन्य वांछित मामलों में भी 181 अन्य गिरफ्तारियाँ कीं, जिससे एक ही दिन में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 257 पहुँच गई।
इस ऑपरेशन के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और अवैध हथियार जैसे गंभीर अपराधों के 42 मामले दर्ज किए गए, जिनमें तक़रीबन 62 अपराधियों को जेल भेजा गया। जहाँ हत्या के 9 मामलों में 23 गिरफ्तारियां की गईं, वहीं हत्या के प्रयास के 13 मामलों में 16 गिरफ्तारियां हुईं।
इसके अतिरिक्त, आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार) के 14 मामलों में 15 अपराधियों को काबू किया गया। इसी दिशा में का, करते हुए अपराधियों पर नकेल कसने के लिए 13 अभियुक्तों की हिस्ट्री शीट खोली गई है। हिस्ट्री शीट खोलने का अर्थ है कि अब इन अपराधियों पर पुलिस की निरंतर और कड़ी निगरानी बनी रहेगी। इस ऑपरेशन के दौरान अब तक कुल 131 अपराधियों की प्रदेश पुलिस द्वारा हिस्ट्री शीट खोली जा चुकी है।
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि, "हरियाणा पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का यह 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' एक सशक्त प्रतीक है। हमारा स्पष्ट संदेश है कि हरियाणा में अपराध और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस कार्रवाई ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। हम हर अपराधी को कानून के शिकंजे में लाकर ही दम लेंगे। हरियाणा के लोगों को सुरक्षित महसूस कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह अभियान और अधिक आक्रामक रूप में आगे बढ़ेगा।"
*भिवानी पुलिस ने धर दबोचा ₹5,000 का इनामी हत्या का भगोड़ा*
भिवानी में, 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' के तहत सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने महीनों से फरार चल रहे एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उक्त आरोपी, नवीन पुत्र संजय निवासी चरखी दादरी, हत्या जैसे संगीन अपराध में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000/- रुपए का इनाम घोषित था। यह मामला दिनांक 28.07.2025 को जूई खुर्द निवासी करण सिंह के साथ हुए जमीनी विवाद और गंभीर मारपीट से संबंधित है, जिसमें घायल पीड़ित ने दिनांक 14.9.2025 को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस जघन्य अपराध में न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करते हुए, सीआईए स्टाफ प्रथम के सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार ने दिनांक 14.11.2025 को 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' के दौरान आरोपी नवीन को तोशाम बाईपास, भिवानी से गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि घटना के षड्यंत्र और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके। पुलिस टीम के द्वारा आरोपी को पेश माननीय न्यायालय में कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी नवीन खेती-बाड़ी का काम करता है। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी, ताकि केस में और तथ्यों का खुलासा हो सके।
*गैंगस्टर नेटवर्क पर सीधा प्रहार: करनाल पुलिस ने तोड़ा हथियार सप्लाई का सिंडिकेट*
संगठित अपराध पर प्रहार करने की दिशा में, करनाल पुलिस ने एक रणनीतिक सफलता हासिल की है। करनाल पुलिस की सीआईए 2 के इंचार्ज निरीक्षक प्रवीण कुमार की टीम ने मेडिकल स्टोर पर फायरिंग करने के एक गंभीर मामले में शामिल आरोपी बादल पुत्र विमल साहनी को गिरफ्तार किया है, जो अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था। इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि हरियाणा पुलिस सिर्फ घटना को अंजाम देने वालों को नहीं, बल्कि अपराध की नींव रखने वाले सप्लायरों को भी नहीं बख्शेगी। यह आरोपी गांव सरफली खेड़ी, असंध में हुई फायरिंग की घटना के लिए जिम्मेदार था, जिसमें पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बादल एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जिला करनाल में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, दंगा और मारपीट सहित 15 मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जिसके दौरान उससे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क और इसके आर्थिक स्रोतों का पता लगाया जाएगा। यह गिरफ्तारी राज्य में अवैध हथियारों के प्रवाह को रोकने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम है।
Kurukshetra Police