10/08/2026
युवाओं की ऊर्जा और नए विचारों को उद्यमिता की दिशा देंः प्रो. सुनील ढींगरा
महिलाओं की दृढ़ता और आत्मविश्वास उद्यमिता की बड़ी ताकतः प्रो. बिंदु शर्मा
कुवि में सशक्त नारी स्टार्टअप वर्कशॉप का शुभारंभ
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में 10 से 14 अगस्त तक ‘केयूके सशक्त नारी स्टार्टअप वर्कशाप के तहत पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कुटिक, इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी तथा कम्युनिटी इन्क्यूबेशन सेंटर, यूआईईटी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस वर्कशॉप में 52 महिला प्रतिभागियों को उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि अनेक स्टार्टअप अच्छे विचारों के साथ शुरू होते हैं, लेकिन पर्याप्त मार्गदर्शन, बाजार की समझ और व्यावहारिक ज्ञान के अभाव में आगे नहीं बढ़ पाते। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन से संबंधित सुविधाओं और मार्गदर्शन की व्यवस्था विकसित की गई है। उन्होंने बताया कि यूआईईटी में मुख्य रूप से तकनीकी स्टार्टअप को सहयोग दिया जाता है, जबकि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में गैर-तकनीकी स्टार्टअप को भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
आईएमसीएमटी की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाओं की दृढ़ता और आत्मविश्वास उद्यमिता की बड़ी ताकत है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने विचारों को उद्यमिता में बदलने के लिए आवश्यक दिशा प्रदान करते हैं।
कुटिक कॉर्डिनेटर डॉ. अजय जांगड़ा ने बताया कि वर्कशॉप का उद्देश्य महिलाओं को उनके विचारों को व्यावहारिक उद्यम में बदलने के लिए कौशल, मेंटरशिप, नेटवर्किंग एवं इन्क्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण में डिजाइन थिंकिंग, मार्केट रिसर्च, बिजनेस मॉडल कैनवास, कंपनी पंजीकरण, बौद्धिक संपदा, वित्तीय प्रबंधन, फंडिंग एवं पिचिंग जैसे विषय शामिल हैं।
रिमस टैक्नॉलजिज की संस्थापक मधु बाजपेई ने अपने उद्यमिता अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफल उद्यमिता के लिए जिज्ञासा, ग्राहक की सही समझ, निरंतर सीखना और प्रगति पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास, नेटवर्किंग और सही मेंटरशिप के महत्व से अवगत कराया।
वर्कशॉप के दौरान विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के बीच संवाद, नेटवर्किंग और विचार-विमर्श भी किया गया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ अपने विचार साझा किए तथा उद्यमिता से संबंधित विभिन्न प्रश्नों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, विशेषज्ञों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा समूह चित्र लिया गया।
*k