24/04/2026
*हाई स्कूल टॉपर छात्र फ़ैज़ुलरहमान को भेंट की स्कूटी*
*मेधावी छात्रों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित*
कुंदरकी में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित
कुंदरकी (मुरादाबाद)। किसान पब्लिक इंटर कॉलेज, कुंदरकी में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मंच से हाई स्कूल के 20 तथा इंटरमीडिएट के 20, कुल 40 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मुताहिर अली खान, आईटीएम अकादमी के प्रबंधक जनाब आसिफ पाशा एडवोकेट तथा कॉलेज प्रबंधक जनाब आरिफ पाशा एडवोकेट ने संयुक्त रूप से मेधावी छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही इस अवसर पर “स्वर्गीय शरीफ उद्दीन पाशा अवॉर्ड” भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और बढ़ गई।
विशेष रूप से हाई स्कूल के टॉपर फ़ैजुल रहमान को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कॉलेज प्रबंधन की ओर से इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट कर सम्मानित किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
समारोह के दौरान मेधावी छात्रों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस वर्ष इंटरमीडिएट में 302 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जबकि हाई स्कूल में 255 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी से परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। वहीं प्रबंधकगण ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा। इस प्रकार के आयोजन न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।