04/12/2025
एल.बी.एस स्पेशल स्कूल व कॉलेज में विश्व दिव्यांगता दिवस मनाया
कोटा। एल.बी.एस स्पेशल स्कूल व कॉलेज में आज विश्व दिव्यांगता दिवस के शुभअवसर पर उत्साह और गरिमा के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। संस्था के अध्यक्ष श्री कुलदीप माथुर ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की संयुक्त निदेशक श्रीमती सविता कृष्णिया रहीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि व उपस्थिति संस्था के प्रमुख सभी सदस्यों ने मां सरस्वती का दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया। संस्था के अध्यक्ष व उपस्थित शिक्षकगणें द्वारा मुख्य अतिथि का साफा व माला पहनाकर व मोमेन्टो भेंट कर अभिनन्दन किया।
मुख्य अतिथि ने अपने सम्बोधन में कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की वास्तविक शक्ति हैं और इन्हें समान अवसर प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग पेंशन, UDID कार्ड के लाभ, सहायक उपकरण वितरण, विशेष शिक्षा सेवाएँ, स्कॉलरशिप, एवं पुनर्वास योजनाएँ जैसी अनेक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिनसे बच्चों एवं परिवारों को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
संस्था के अध्यक्ष श्री कुलदीप माथुर ने अपने संबोधन में बताया कि संस्थान में लगभग 180 दिव्यांग विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था की ओर से दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा, ऑटो का भुगतान, यूनिफॉर्म, तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। एल.बी.एस स्पेशल स्कूल व कॉलेज द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम समाज में समावेश, संवेदनशीलता और दिव्यांग सशक्तिकरण का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
माथुर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित स्पेशल ओलंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्पेशल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिनमें लविश शर्मा एवं मुकुल शर्मा ने राजस्थान की टीम का नेत्त्व करते हुए कोलकाता में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता व ताशु शर्मा ने पैरालंबिक योग में ब्रॉन्ज मेडल व पंकज ने नेशनल फेडरेशन इन योगा में ऑल इंडिया में तीसरी रैंक प्राप्त की थी इन सभी विद्यार्थियों को आज वर्ल्ड डिसएबिलिटी डे पर मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान स्पेशल विद्यालय के बच्चों द्वारा डांस, स्पीच, गीत आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किए गए, जिसमें बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष श्री ऋषभ कुमार के ने किया। मंच संचालन श्री उदय प्रताप सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को ऊर्जा, अनुशासन और प्रभावी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के योगेन्द्र माथुर, यकीनुद्दीन, सुरेन्द्र नागर, नीतू कुमावत, विष्णु नागर, देवकी लोधा व स्कूल, कॉलेज का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहे, कार्यक्रम का समापन श्री मुकेश कुमार यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।