02/08/2025
एक अगस्त, 2025 को श्यामा प्रसाद कॉलेज में "साइबर अपराध" विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के सह-प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास सिंह यादव के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कोलकाता पुलिस के साइबर अपराध विभाग से पधारे अधिकारियों एवं भवानीपुर थाना के अधीक्षक श्री बोधिसत्व प्रामाणिक का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य को रेखांकित किया। डॉ. यादव ने अपने संबोधन में साइबर अपराध को न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए एक गंभीर चुनौती बताया।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि साइबर अपराध की चपेट में केवल वयस्क ही नहीं, बल्कि बच्चे, किशोर और वरिष्ठ नागरिक भी आ रहे हैं। डॉ. यादव ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आग्रह किया कि वे साइबर सुरक्षा के प्रति सजग और सतर्क रहें। साथ ही उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में कोलकाता पुलिस के साउथ डिवीजन के ऑफिसर इन चार्ज, SOG और साइबर सेल के प्रमुख श्री शुभंकर चक्रवर्ती ने उपस्थित होकर साइबर अपराध के विविध आयामों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बैंक खातों, यूपीआई, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे माध्यमों से किए जा रहे डिजिटल अपराधों की कार्यप्रणाली को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया। उनकी प्रस्तुति विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन गायत्री चटर्जी ने अत्यंत प्रभावशाली और व्यवस्थित ढंग से किया, जिससे समस्त कार्यक्रम में अनुशासन और सारगर्भिता बनी रही। कार्यक्रम का समापन IQAC के समन्वयक डॉ. विपुल छेत्री के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी आमंत्रित अतिथियों, कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह कार्यक्रम न केवल सूचनात्मक रहा, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति जनचेतना फैलाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल के रूप में भी सराहनीय सिद्ध हुआ।