15/05/2026
खैर इंटर कॉलेज, खैर में भारतीय भाषा समर कैंप 2026 का आयोजन
समग्र शिक्षा माध्यमिक के तत्वावधान में खैर इंटर कॉलेज में “भारतीय भाषा समर कैंप 2026” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। जिसका उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय श्री जितेंद्र कुमार राही ने किया ।
मीडिया प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण के महत्व को समझाना रहा। भारतीय भाषा का समर कैंप दिनांक 20 मई तक चलेगा ।
कार्यक्रम के प्रभारी अजय कुमार शर्मा एवं काजी हसन यासिर रहे। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं लोकगीतों के माध्यम से भारतीय भाषाओं के उत्थान और विकास में उनके महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों को प्रभावित किया।
मंचासिन श्री विनोद कुमार, श्री संजीव कुमार गोयल, कार्यक्रम प्रभारी अजय कुमार शर्मा एवं श्री काजी हसन यासिर ने भी अपने विचार व्यक्त किए । मंच का संचालन श्री संजीव गोयल जी द्वारा किया गया ।
इस अवसर पर हिंदी प्रवक्ता श्री कुलदीप शर्मा, अंग्रेजी प्रवक्ता श्री काजी हसन यासिर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय भाषाएं हमारी संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय पहचान की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा एवं अन्य भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महोदय श्री जितेंद्र राही जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “भारतीय भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और सभ्यता की आत्मा हैं। अपनी मातृभाषा से जुड़कर ही विद्यार्थी अपने इतिहास, परंपराओं और मूल्यों को सही अर्थों में समझ सकते हैं। भारतीय भाषाओं का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का नैतिक दायित्व है।”उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के अध्ययन एवं प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी यदि अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ी रहेगी तो देश की सांस्कृतिक विरासत और अधिक सशक्त होगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापकों ने सक्रिय सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान दिया।विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों की सराहनीय सहभागिता रही। अंत में सभी अतिथियों, अध्यापकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।