06/04/2026
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की पुरुष सर्कल स्टाइल कबड्डी टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता 2 से 4 अप्रैल तक गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार में आयोजित की गई थी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्टता को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा और ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कुलगुरु ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 25-25 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय पहुंचने पर विजेता टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा और उनके इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन को पूरे विश्वविद्यालय परिवार के साथ साझा किया जाएगा।