21/08/2026
21 अगस्त
मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज जवाहर नगर में किया गया। प्रतियोगिता का विषय 'भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां' था।
मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता में गेल डी.ए.वी.प. स्कूल दिबियापुर, औरैया की छात्रा कु. दृष्टि नंदना फुकन ने प्रथम स्थान, ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज जवाहर नगर की छात्रा कु. आराध्या सिंह गौर ने द्वितीय एवं मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की छात्रा कु. ताहिरा व जागरण पब्लिक स्कूल कन्नौज की छात्रा कु. अर्पिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिंदू इंटर कॉलेज जसवंत नगर, इटावा के छात्र चि. भानु प्रताप सिंह एवं राजकीय हाई स्कूल अलियापुर कानपुर नगर की छात्रा कु. प्रांशी को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं 11 सितंबर 2026 को राज्य शिक्षा संस्थान प्रयागराज में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु प्रतिभाग करेंगे।
समन्वयक (मंडलीय नोडल) जिला विज्ञान क्लब, कानपुर नगर डॉ. किरन प्रजापति ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भविष्य की ऊर्जा जरूरत को देखते हुए हमें नवीकरणीय ऊर्जा के स्रोतों को तलाशना होगा, जो पूर्णत: प्रदूषण मुक्त हो। प्रदूषण वर्तमान की बड़ी समस्या है और ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता; इन दोनों के बीच सामंजस्य से पूर्ण तरीका खोजना ही इस प्रतियोगिता का उद्देश्य है। आपके द्वारा खोजे गए यह छोटे-छोटे तरीके भविष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे। सफल प्रतिभागी आगे प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सहभाग करेंगे, उसके लिए आपको इस विषय पर और गहराई से चिंतन करने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त हमें अपने नित्या की सामान्य जीवन में भी ऊर्जा संरक्षण एवं संवर्धन के बारे में सदैव प्रयत्नशील रहना है।
मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के विभिन्न जनपदों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की निर्णायक के रूप में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिधूना, औरैया की प्रधानाचार्य श्रीमती संगीता सिंह, राजकीय हाई स्कूल रामगोपालपुर, कानपुर नगर की प्रधानाध्यापिका श्रीमती शाहीन जहां, राजकीय इंटर कॉलेज समधन, कन्नौज की प्रवक्ता श्रीमती मृदुल मिश्रा उपस्थिति रहीं।
इस अवसर पर राजकीय हाईस्कूल अलियापुर की प्रधानाध्यापिका रामरानी पालीवाल, ओंकारेश्वर ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस की प्रबंध निदेशक डॉ. पूजा अवस्थी, प्रभारी शिक्षक आशीष निगम, विभिन्न विद्यालयों से आए मार्गदर्शक शिक्षक एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।