27/02/2026
वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर अनिवार्य TET के विरोध में हजारों शिक्षकों का ऐतिहासिक प्रदर्शन
बेसिक शिक्षा कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकला विशाल विरोध मार्च, प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा
कानपुर देहात | 26 फरवरी 2026
वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर अनिवार्य TET लागू किए जाने के विरोध में आज जनपद कानपुर देहात में शिक्षकों का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। प्रदेश के समस्त मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों का गठबंधन TFI (Teachers Federation of India) के बैनर तले हजारों शिक्षक एकजुट होकर बेसिक शिक्षा कार्यालय परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
सुबह से ही जनपद के विभिन्न ब्लॉकों एवं विद्यालयों से शिक्षक बड़ी संख्या में पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरा परिसर शिक्षकों के नारों, बैनरों और संघर्ष के संकल्प से गूंज उठा। धरना स्थल पर उपस्थित शिक्षकों की भारी भीड़ ने आंदोलन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया और पूरा वातावरण शिक्षक एकता के जोश एवं उत्साह से परिपूर्ण दिखाई दिया।
धरना कार्यक्रम के उपरांत शिक्षकों का विशाल विरोध जुलूस बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला गया। हाथों में तख्तियां और मांगों से जुड़े बैनर लिए हजारों शिक्षक अनुशासित पंक्तियों में आगे बढ़ते हुए सरकार के निर्णय के विरोध में जोरदार नारे लगाते रहे। जुलूस का दृश्य अत्यंत विहंगम एवं जनांदोलन जैसा प्रतीत हो रहा था।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने माननीय प्रधानमंत्री जी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय को सौंपा, जिसमें वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष श्री अशोक सिंह राजावत ने अपने संबोधन में कहा कि —
“वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर नई शर्तें थोपना न केवल अन्यायपूर्ण है बल्कि उनके सम्मान और अधिकारों के विरुद्ध भी है। शिक्षक समाज अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अंतिम दम तक संघर्ष करेगा।” उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल शिक्षकों का नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा और शिक्षक सम्मान की रक्षा का आंदोलन है।
वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री ब्रजेश यादव ने अपने जोशीले संबोधन में कहा —
“सरकार को शिक्षकों की वर्षों की सेवा और अनुभव का सम्मान करना चाहिए। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो यह आंदोलन और व्यापक रूप धारण करेगा।”
उन्होंने शिक्षक एकता को आंदोलन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी संगठनों को एक मंच पर आने के लिए धन्यवाद दिया।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला मीडिया प्रभारी पुष्पेन्द्र कुमार ने बताया कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। आंदोलन में उमड़ी भीड़ और अनुशासित प्रदर्शन ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि शिक्षक समाज अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह संगठित और संकल्पित है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री अशोक सिंह राजावत एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री ब्रजेश यादव जी के नेतृत्व में , संजय सचान (संरक्षक), प्रमोद पाण्डेय (मंडलीय महामंत्री), संजय वर्मा (मंडलीय उपाध्यक्ष), धीरेन्द्र सिंह चौहान (मण्डल उपाध्यक्ष) हंसराज सोनकर (मण्डल उपाध्यक्ष) सुरेन्द्रपाल सिंह (मंडल स० मंत्री), रामकुमार कटियार (महामंत्री जू०), आदित्य गौतम (महामंत्री प्रा०), राहत अली (कोषाध्यक्ष जू०), अजय कटियार (कोषाध्यक्ष प्रा०), कामता सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष जू०), गोविंद यादव (वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रा०) पुष्पेन्द्र कुमार (उपाध्यक्ष जू०), जितेंद्र पाल (उपाध्यक्ष जू०), जयपाल सिंह (उपाध्यक्ष जू०), अनिल प्रजापति (उपाध्यक्ष जू०), निरुपम कुमार तिवारी (उपाध्यक्ष जू०), अरविंद सिंह बौद्ध (उपाध्यक्ष जू०), देवेन्द्र कर्णधार (उपाध्यक्ष जू०), अतुल कुमार पाल (स० मंत्री जू०), पवन सिंह प्रजापति (स०मंत्री जू०), रंजीत कुमार (स०मंत्री जू०), नरेश सिंह (स०मंत्री जू०), अनिल सोनकर (स०मंत्री जू०), शैलेन्द्र कुमार (लेखाकार जू०), विष्णु पाल (आय व्यय निरीक्षक जू०), दिनेश शर्मा (ज० सदस्य जू०) विजय राठौर (ज० सदस्य जू०), राकेश गौतम (मंत्री मैथा जू०), आनंद मिश्रा (अध्यक्ष मैथा प्रा०), हेमन्त कुमार (मंत्री सन्दलपुर जू०), प्रताप भानु सिंह गौर (मंत्री अकबरपुर जू०), पियूष मिश्रा (अध्यक्ष डेरापुर जू०), अजित सिंह (अध्यक्ष राजपुर जू०), अंजनी कटियार (मन्त्री राजपुर जू०), सुरेंद्र कटियार (अध्यक्ष राजपुर प्रा०), जाहिर अंसारी (मन्त्री राजपुर प्रा०), विकास सिंघल (अध्यक्ष झींझक जू०), कृष्णपाल सिंह (अध्यक्ष अमरौधा जू०), रामनरेश कठेरिया (अध्यक्ष रसूलाबाद जू०), मोहम्मद जावेद (मंत्री रसूलाबाद जू०), ब्रजमोहन सिंह (अध्यक्ष रसूलाबाद प्रा०), पुनीत मिश्रा (मंत्री रसूलाबाद प्रा०) धर्मेन्द्र सिंह (अध्यक्ष सरवनखेड़ा जू०) चंद्रवीर पाल (मंत्री सरवनखेड़ा जू०), सर्वेश कटियार (अध्यक्ष मलासा जू०), नीलम दोहरे (मंत्री मलासा जू०) एवं मंडल, जनपद एवं विकास खंड स्तर के विभिन्न संगठनों के दर्जनों पदाधिकारी और शिक्षक प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
✍️ पुष्पेन्द्र कुमार (जिला मीडिया प्रभारी) उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, कानपुर देहात