07/08/2026
आरआरसीएम पब्लिक स्कूल, कनीना के विद्यार्थियों का सदर थाना कनीना का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने थाना प्रभारी से कानून व्यवस्था, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, यातायात नियमों तथा पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल एवं विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर पुलिस से किस प्रकार संपर्क किया जाए और थाना में शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत पुलिस के समक्ष दर्ज करा सकते हैं और पुलिस उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य हरि प्रकाश शर्मा ने थाना प्रभारी को स्मृति स्वरूप पुस्तक भेंट कर उनका सम्मान किया तथा विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका शीतल मैडम, रचना मैडम, हरिओम सर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।