13/05/2026
शिवालिक ऋषिकुल कैथल के विद्यार्थियों ने शिव गौ चिकित्सालय पहुंचकर लिया गौ सेवा का संकल्प
कैथल। गौ रक्षा दल कैथल द्वारा संचालित शिव गौ चिकित्सालय में आज सनातन विद्या परिषद द्वारा संचालित शिवालिक ऋषिकुल, कैथल , सेक्टर 21 के विद्यार्थियों ने पहुंचकर गौ सेवा का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय के संस्थापक प्रबन्धक डॉ मनोज शर्मा की देखरेख में गुरुकुल के शिष्यों ने गौ माता को हरा चारा खिलाया तथा घायल एवं बीमार गौवंश की सेवा कार्यों को नजदीक से देखा गऊ माता का सानिध्य आशीर्वाद कृपा प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने गौ चिकित्सालय में चल रही सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और गौ सेवा के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
गौ रक्षा दल के पदाधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की पहचान है। बच्चों को बचपन से ही धार्मिक शिक्षा, जीव दया, गौ संरक्षण और सेवा भाव के संस्कार दिए जाने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।
डॉ मनोज शर्मा ने सभी नगर वासियों का आवाहन किया कि सूखना नहीं चाहते तो जड़ों को सींचते रहिए। गऊ माता सनातन धर्म और सनातन विज्ञानं का मूल आधार है। भारत ऋषि और कृषि का देश है। जबतक गुरुकुल और खेती क्यारी दोनों ही गऊ माता पर निर्भर थी तक तक भारत का गौरवशाली इतिहास गवाह है भारत विश्वगुरु और सोने की चिड़िया कहलाता था। आज हम बाजारवाद हेल्थ फार्मा माफिया MNC के चंगुल में फंसे हुए हैं। केवल गऊ सेवा ही हमें इस गर्त से निकाल सकती है।
गौ रक्षा दल कैथल के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह ने कहा कि जिस प्रकार बच्चे अलग-अलग स्थानों के शैक्षणिक भ्रमण पर जाते हैं, उसी प्रकार गौ चिकित्सालय में आकर सेवा कार्यों को देखना भी उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है।रामचरण जी ने कहा कि गौ सेवा से बच्चों में दया, करुणा और संस्कारों की भावना विकसित होती है। जिला मंत्री हरपाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। रामचरण ने कहा कि शिव गौ चिकित्सालय में निरंतर घायल और बीमार गौवंश की सेवा की जा रही है और यह कार्य समाज के सहयोग से लगातार आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कबीर, गुल्लू, अनिल फौजी एवं तुषार विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को गौ सेवा के लिए प्रेरित करते हुए भविष्य में भी गौ चिकित्सालय आने का आह्वान किया।