15/05/2026
एवरग्रीन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटेल नगर, कैथल का 12वीं का परिणाम रहा शत-प्रतिशत, विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
कैथल। HBSE द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में एवरग्रीन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटेल नगर, कैथल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की छात्रा अंजलि ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंग्रेजी विषय में 98 अंक, राजनीति विज्ञान में 100 अंक, हिंदी में 99 अंक, गणित में 100 अंक, इतिहास में 94 अंक, शारीरिक शिक्षा में 99 अंक, गृह विज्ञान में 98 अंक, अकाउंट्स में 98 अंक, बिजनेस स्टडीज़ में 99 अंक, अर्थशास्त्र में 97 अंक, भौतिक विज्ञान में 93 अंक तथा रसायन विज्ञान में 98 अंक प्राप्त कर विद्यार्थियों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं बल्कि अनुशासन, नैतिक शिक्षा तथा सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक मेहनत कर उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया। अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को बधाई दी।