21/10/2025
स्काउट गाइड प्रशिक्षण का समापन।
मदनी इंटर कॉलेज कैसरगंज में भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश जनपद बहराइच के तत्वाधान में आयोजित प्रथम सोपान एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ।
समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि श्री गौरव वर्मा पूर्व विधान सभा प्रत्याशी कैसरगंज एवं विशिष्ट अतिथि श्री अखिलेश कुमार सिंह उपजिलाधिकारी कैसरगंज, श्री रवि खोखर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज एवं सुबोध वर्मा जिला उपाध्यक्ष भाजपा सम्मिलित हुये ।
समस्त अतिथि गण महोदय ने बच्चों की टोलियों का निरीक्षण करते हुए अपने जीवन की घटनाओं को भी याद किया और समस्त टोलियों की सराहना की ।
मुख्य अतिथि श्री गौरव वर्मा जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से शिक्षा के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं के बारे छात्र छात्राओं को बताया। श्री वर्मा ने कहा कि आज विश्व पटल पर भारत की जो पहचान है उसका कारण भारत के नौजवान हैं जिन्होंने ने अपनी असीम क्षमताओं से विभिन्न क्षेत्रों में भारत का नाम उज्ज्वल किया है।
उप जिलाधिकारी श्री अखिलेश कुमार सिंह महोदय ने छात्र-छात्राओं को अपने संबोधन में कहा कि स्काउटिंग गाइडिंग से बच्चों में अनुशासन, बौद्धिक क्षमता, शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। किसी आम नागरिक से अधिक ज़िम्मेदार नागरिक स्काउटिंग एवं गाइडिंग से बना जा सकता है।
क्षेत्राधिकारी महोदय श्री रवि खोखर महोदय ने छात्र-छात्राओं को बताया कि अनुशासन जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। श्री खोखर ने छात्र छात्राओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी और बच्चों को स्काउटिंग गाइडिंग की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि सुबोध वर्मा ने छात्र छात्राओं से कहा कि आप सभी अपने कैरियर एवं जीवन में कड़ी परिश्रम के साथ आगे बढ़ते रहिए और जब आप अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे तो आप सबका सम्मान करने के लिए मैं और श्री गौरव वर्मा आगे आकर स्वयं उत्साहवर्धन करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कालेज के प्रबंधक/संस्थापक श्री रईस अहमद क़ासमी ने जीवन में अनुशासन एवं समय के सदुपयोग के बारे में बच्चों को प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रशिक्षण संयोजक डॉक्टर अरशद रईस ने मुख्य अतिथि महोदय, विशिष्ट अतिथिगणों, संस्थापक महोदय, प्रशिक्षक एवं समस्त अध्यापकों व आगंतुकों का आभार व्यक्त किया ।
प्रशिक्षण के दौरान स्काउट गाइड को स्काउट गाइड का इतिहास, नियम, प्रतिज्ञा, प्राथमिक उपचार, गांठ बंधन बिना बर्तन भोजन बनाना एवं विभिन्न प्रकार की तालियों के माध्यम से विधिवत प्रशिक्षिण दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य डाक्टर नजमुज्जमां ने प्रशिक्षण शिविर एवं कार्यक्रम के समापन की घोषणा की ।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री कायमा इस्लाम एवं कल्लन इदरीसी जिला संगठन आयुक्त स्काउट/गाइड ने किया।
इस मौके पर विद्यालय के स्काउट प्रभारी अनीस अहमद, मोo अतीक ,वरिष्ठ शिक्षक रियाजुर्रहमान मालिक, हिटलर वर्मा, मोo मुशीर,अंकित सर, मोo फसीह, साहिल, जे पी सिंह, एमपी मौर्या,सुधांशु सिंह, मोनिस, सुभाष, धनंजय जी एवं अंकित मिश्रा आदि उपस्थित रहे।