19/01/2026
एचडी पब्लिक स्कूल परिसर में आज निदेशक बलराज फौगाट के नेतृत्व में विद्यालय के सभी चालक एवं परिचालकों के लिए एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और कर्त्तव्यबोध को सुदृढ़ करना था।
निदेशक बलराज फौगाट ने अपने संबोधन में “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के संदेश को केंद्र में रखते हुए कहा कि वाहन चालक केवल वाहन नहीं चलाते, बल्कि अनेक जिंदगियों की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होती है। उन्होंने विशेष रूप से सर्दी के मौसम में घने कोहरे के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इस समय अतिरिक्त सावधानी, धैर्य और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी चालकों को निर्देश दिए कि कोहरे में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेडलाइट, फॉग लाइट, इंडिकेटर एवं रिफ्लेक्टर का सही प्रयोग करें तथा ओवरटेक करने से बचें। साथ ही, सड़क संकेतों, ट्रैफिक लाइट और नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया। वाहन की नियमित जांच, ब्रेक, टायर और लाइट की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की भी सलाह दी गई।
फौगाट ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि एक नैतिक कर्त्तव्य है। चालक और परिचालक विद्यालय परिवार का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी से नशामुक्त, मोबाइल फोन से दूर रहकर तथा पूर्ण एकाग्रता के साथ वाहन चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी चालक-परिचालकों ने ट्रांसपोर्ट इंचार्ज के साथ सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने की सामूहिक शपथ ली। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।