23/08/2026
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की जयपुर महानगर स्तरीय बैठक सम्पन्न ।
वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य एवं न्यास की पृष्ठभूमि, संगठनात्म कार्य एवं आगामी कार्य योजना की रूपरेखा पर हुई विस्तृत चर्चा ।
जयपुर, 23 अगस्त 2026।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की जयपुर महानगर स्तरीय बैठक भारती भवन, संघ कार्यालय, जयपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन क्षेत्र सह संयोजक (राजस्थान) श्री नितिन कुमार जैन के सानिध्य में किया गया। बैठक में वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य युवाओं की भूमिका एवं संत रविदास जयंती पर व्याख्यान, शिक्षा उत्थान के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक का शुभारंभ श्री नितिन कुमार जैन द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की स्थापना, पृष्ठभूमि एवं कार्यदृष्टि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य किस प्रकार से बदल रहा है और उसमें युवाओं की क्या भूमिका होनी चाहिए तथा शिक्षा उत्थान द्वारा भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु सतत कार्य करने की आवश्यकता पर चर्चा की । उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों, उसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
बैठक के प्रमुख बिंदु
• राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श।
• संगठन के महानगर स्तर तक विस्तार एवं कार्यकर्ता निर्माण की रणनीति पर चर्चा।
• संत रविदास जयंती एवं जनसंख्या असंतुल को लेकर जनजागरण हेतु चर्चा सत्रों का आयोजन करना ।
• चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल।
• वैदिक गणित के प्रचार-प्रसार एवं विद्यालयों तक इसकी पहुँच बढ़ाने की आवश्यकता।
• पर्यावरण शिक्षा एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े जनजागरण कार्यक्रमों की रूपरेखा।
• शोध प्रकल्पों को प्रोत्साहित करने तथा उच्च शिक्षा संस्थानों में भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित अनुसंधान बढ़ाने पर चर्चा।
• तकनीकी शिक्षा, भारतीय भाषाओं एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन हेतु योजनाओं पर विचार।
आगामी कार्यक्रमों पर बनी रूपरेखा
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि—
• 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिन्दी दिवस को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।
• महानगर स्तर पर प्रत्येक 15 दिवस में नियमित बैठक आयोजित की जाएगी।
• राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
• हल्दीघाटी युद्ध के ऐतिहासिक महत्व,संत रविदास जयंती,जनसंख्या असंतुलन,नशा मुक्ति जैसे विषयों पर आगामी बैठकों में विस्तारपूर्वक चर्चा की जायेगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्य
बैठक में क्षेत्र सह संयोजक (राजस्थान) श्री नितिन कुमार जैन के साथ श्री गोविंद जी प्रचार प्रसार प्रांत संयोजक, डॉ योगेश जी तकनीकी शिक्षा महानगर प्रमुख, श्री महेंद्र जांगिड़ प्रचार प्रसार जिला संयोजक, डॉ. रजत जी शोध शिक्षा महानगर प्रमुख, श्री रजत जी अग्रवाल प्रचार प्रसार महानगर प्रमुख, डॉ. सुरेश जी, डॉ. विजेंद्र जी, डॉ. विनोद जी, डॉ. अंकुश जी, श्री संजय जी, श्री अजय जी, श्रीमती निशा जी सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।