09/11/2025
*सर्वहितकारी विद्या मंदिर होशियारपुर में संकुल स्तरीय सप्त शक्ति संगम द्वितीय कार्यक्रम का सफल आयोजन*
दिनांक 08 नवंबर, शनिवार को विद्या भारती पंजाब द्वारा निर्देशित होशियारपुर संकुल का संकुल स्तरीय सप्तशक्ति संगम सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी होशियारपुर मे आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मीनाक्षी मेनन (रिटायर्ड शिक्षिका डीएवी स्कूल होशियारपुर) व कुसुम कालिया (मातृ भारती अध्यक्षा) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की अध्यापिका समीक्षा ने सभी अतिथियों का परिचय दिया। विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका मोनिका मेहता ने कार्यक्रम की प्रस्तावना सबके समक्ष रखी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 80 महिलाओं ने प्रतिभागी बनकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या मुक्ता जैन ने सभी का अभिनंदन करते हुए मुख्य अतिथि को श्रीफल प्रदान करके उनका विधिवत स्वागत किया। मुख्य अतिथि मीनाक्षी मेनन ने नारी शक्ति को जागृत करते हुए पर्यावरण जागरूकता विषय पर सभी का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने मार्गदर्शन के अंतर्गत बताया कि किस तरह ओजोन परत जो सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों के हानिकारक प्रभाव से हमारी पृथ्वी की रक्षा करती है, उसमें विकृति आने से त्वचा कैंसर, मोतियाबिंद व अन्य भी हानिकारक बीमारियों का कारण बन सकती है। इस ओजोन परत को नष्ट होने से बचाने के लिए हमें पर्यावरण के प्रति जागरूक रहना चाहिए एवं अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने शारीरिक व मानसिक पर्यावरण की जानकारी देते हुए स्त्रियों को अपने बच्चों के प्रति किस तरह की मानसिक व शारीरिक गतिविधियों को करना चाहिए, ताकि बच्चे अच्छे गुणों का प्रसार करके एक सकारात्मक समाज का निर्माण कर सकें। उन्होंने बताया कि आज कल के परिवेश में बच्चों में बढ़ रही मोबाइल फोन की आदत को छुड़ाने के लिए पहले स्त्रियों को स्वयं इस लत को सुधारने की आवश्यकता है। इस विषय पर उन्होंने विस्तार पूर्वक महिलाओं को प्रेरित किया। समाज को नई दिशा प्रदान करने में मातृशक्ति की विशेष भूमिका रहती है उन्होंने मातृ शक्ति को प्रेरित करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्या मुक्ता जैन ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया एवं इसके अंतर्गत होने वाले अग्रिम कार्यक्रमों में उत्साह के साथ प्रतिभाग लेने का आश्वासन दिया। प्रधानाचार्या मुक्ता जैन व कुसुम कालिया ने मुख्य अतिथि मीनाक्षी मेनन को समृति चिन्ह प्रदान करके सम्मानित किया। अंत में सुखना मंत्र के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।