06/02/2026
हिसार, 06 फरवरी 2026
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार (गुजविप्रौवि) के स्वास्थ्य केंद्र तथा फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसिज के संयुक्त तत्वाधान में सर्वेश हैल्थ सिटी, हिसार व अमेरिकन ऑकोलॉजी इंस्टीट्यूट के सहयोग से कैंसर अवेयरनेस वाक का आयोजन किया गया। वाक के दौरान प्रतिभागियों ने 'कैंसर से बचाव जागरूकता से ही संभव जैसे नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया। कैंसर अवेयरनेस वाक कुलपति सचिवालय से सर्वेश हैल्थ सिटी तक की गई।इस कार्यक्रम में नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ जागरूकता अभियान में सहयोग दिया। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों व कर्मचारी प्रतिभागियों ने भाग लिया।
13/01/2026
नर्सिंग विभाग में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया लोहड़ी उत्सव
नर्सिंग विभाग में आज पारंपरिक लोकपर्व लोहड़ी का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित कर तिल, मूंगफली, रेवड़ी एवं गुड़ अर्पित किए गए तथा पारंपरिक गीतों और लोकनृत्य के माध्यम से पंजाबी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. सुमित्रा सिंह ने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएँ देते हुए अपने संदेश में कहा कि “लोहड़ी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सामूहिकता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में आपसी भाईचारे, परंपराओं के प्रति सम्मान और मानसिक उल्लास को बढ़ाते हैं। नर्सिंग जैसे सेवा-प्रधान क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए यह उत्सव नई प्रेरणा और समर्पण का संचार करता है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर परिश्रम करने, मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने तथा समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं पारंपरिक प्रसाद वितरण के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को यादगार एवं प्रेरणादायक बताया।
Guru Jambheshwar University of Science and Technology