21/08/2026
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में विश्व उद्यमिता दिवस पर विद्यार्थियों को मिला रोजगार सृजन का संदेश
-उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करना नहीं, समस्याओं के रचनात्मक समाधान की सोच : विशेषज्ञ-
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्षा प्रो. वंदना पूनिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान डॉ. कुलदीप बिश्नोई एवं डॉ. उष्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने औद्योगिक विकास, नवाचार और नए विचारों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उद्यमिता का अर्थ केवल दुकान, संस्था या कंपनी स्थापित करना नहीं है, बल्कि समाज और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के रचनात्मक समाधान खोजने की सोच विकसित करना है। आज के युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने के बजाय रोजगार सृजक बनने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि हमारे आसपास मौजूद अनेक समस्याएं अपने भीतर उद्यमिता की संभावनाएं छिपाए हुए हैं। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे क्षेत्रों में नई तकनीक और नवाचार के माध्यम से बेहतर समाधान विकसित किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों की जरूरतों को समझकर नए विचारों को व्यवसाय एवं सामाजिक बदलाव के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान हरियाणा एवं हिसार से जुड़े सफल उद्यमी ओपी जिंदल, देश के प्रमुख उद्योगपति धीरूभाई अंबानी तथा वैश्विक स्तर पर चर्चित उद्यमी एलन मस्क के उदाहरण देते हुए वक्ताओं ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए शुरुआत बड़ी होना जरूरी नहीं है, बल्कि सोच बड़ी होना आवश्यक है। किसी भी बड़े उद्यम की शुरुआत एक छोटे विचार से हो सकती है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि असफलता को सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा समझना चाहिए। युवाओं को अपने नए विचारों को केवल नोटबुक या चर्चाओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास करना चाहिए। निरंतर प्रयास, नवाचार और जोखिम उठाने का साहस ही एक सफल उद्यमी की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा और अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नवाचार एवं रोजगार सृजन की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उद्यमिता के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
fans GJU S&T, Hisar gjust_hisar Pt. Deen Dayal Upadhyaya Innovation & Incubation Centre, GJUS&T, Hisar GJU-HISAR KI VICHAR-VATIKA Gjust Hisar Guru Jambheshwar University of Science & Technology, Hisar