31/12/2025
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चिड़ौद में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं जागरूक नागरिकता का विकास करना रहा। शिविर का शुभारंभ प्रातः लक्ष्य गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों को NSS के मूल मंत्र “Not Me, But You” की भावना से परिचित कराया गया।
शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल निर्देशित ध्यान एवं योग अभ्यास कराया गया, जिसके पश्चात विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रमदान किया। शिविर की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि स्वयंसेवकों ने भोजन निर्माण से लेकर परोसने तक की संपूर्ण व्यवस्था स्वयं संभाली, जिससे उनमें आत्मनिर्भरता, सहयोग एवं अनुशासन की भावना विकसित हुई।
शिविर के दौरान डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, फर्जी कॉल व लिंक से बचाव तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत विद्यालय परिसर में किचन गार्डन की स्थापना की गई, जिससे भविष्य में मध्यान्ह भोजन हेतु स्वयं उगाई गई सब्जियों के उपयोग का मार्ग प्रशस्त हो सके।
शिविर के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री वेद सिंह दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी श्री अनिल नेहरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौधरीवास के प्राचार्य श्री दिलीप कुमार तथा जिला शिक्षा कार्यालय से श्री गुलजारी जी ने शिविर का निरीक्षण किया। अतिथियों ने स्वयंसेवकों द्वारा की जा रही गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें समाज सेवा के प्रति सदैव सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री राजवीरेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए NSS के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं विद्यालय के सिम एवं NSS से जुड़े श्री प्रवेश जी द्वारा शिविर की समस्त गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
समापन अवसर पर लक्ष्य गीत एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का विधिवत समापन किया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, सहभागिता और सेवा भावना की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगी शिक्षकगण, अतिथियों तथा स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह सात दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह शिविर विद्यार्थियों के भीतर सेवा, संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।