07/07/2026
Congratulations 🎉
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग का 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित
-कुलपति ने विद्यार्थियों को सौंपे ऑफर लेटर-
हिसार। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है। विभाग के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में ऑफर लेटर वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के अंतिम दिन प्रायोगिक परीक्षा के उपरांत कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को ऑफर लेटर सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाना भी है। उन्होंने कहा कि मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग ने शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित कर यह सिद्ध किया है कि विभाग में दी जा रही शिक्षा, प्रशिक्षण तथा उद्योग से जुड़ाव अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान, कौशल और कार्यनिष्ठा से संस्थान की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता तथा विश्वविद्यालय के उद्योगोन्मुखी दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय और विभाग का नाम रोशन करेंगे।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। उद्योग जगत से मजबूत समन्वय, नियमित प्लेसमेंट ड्राइव, करियर मार्गदर्शन तथा कौशल विकास गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग का शत-प्रतिशत प्लेसमेंट इसी निरंतर प्रयास और समन्वित कार्यप्रणाली का परिणाम है।
विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना तथा विभाग के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. बिजेन्द्र कौशिक ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन तथा उद्योगों के सहयोग को दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में विभाग प्लेसमेंट, इंटर्नशिप तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में और भी बेहतर उपलब्धियां हासिल करेगा।
विभाग के विद्यार्थियों का चयन अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनोडिया टेक्नोप्लास्ट में 17 विद्यार्थी, ग्लोबल मल्टीग्राफिक्स, देहरादून में 8 विद्यार्थी, वीवो में एक, ब्रैडी में दो, अनुपम प्रोडक्ट्स में दो, प्रकाश पाइप्स में दो, डीआईसी इंक्स में दो, पॉपली ग्राफिक्स में पांच, यूफ्लेक्स, नोएडा में एक, आईसीआईसीआई बैंक में एक, कॉस्मो फर्स्ट में एक, बकार्डी में एक, लीप डिजीप्रिंट में एक, मनोहर फिलामेंट में एक, जीएलएस फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड में पांच तथा प्रोकमार्ट प्राइवेट लिमिटेड में तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त विभाग की कुछ और प्लेसमेंट ड्राइव अभी प्रक्रियाधीन हैं, जिससे चयनित विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
समारोह में कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रशासनिक प्रो. विनोद छोकर, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एचसी गर्ग, विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना, विभाग के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. बिजेन्द्र कौशिक, गर्ल्स हॉस्टल की चीफ वार्डन प्रो. सुजाता सांघी, सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार तथा प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
fans Chirag Times News Chirag Timesnewspaper