10/02/2026
आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को एक पहल एक किरण सेवा समिति के द्वारा आर. बी. एस. पब्लिक इंटर कॉलेज, रैंसो, जनपद हरदोई में चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माँ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिससे पूरा वातावरण शिक्षा, कला और संस्कारों से ओतप्रोत हो गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था
बच्चों ने स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, राष्ट्रीय एकता, शिक्षा का महत्व जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया था।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से प्रमाणपत्र, मेडल एवं चित्रकला किट प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया, जिससे बच्चों में अत्यधिक प्रसन्नता और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक/अध्यक्ष आशीष पटेल अंशुल ने विद्यालय के प्रबंधक श्री शिव कुमार सिंह जी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों की छुपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएँ और निरंतर मेहनत, लगन व धैर्य के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा भी समिति के इस प्रयास की सराहना की गई और भविष्य में ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन कर उनका मनोबल बढ़ाया।
अंत में कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।