29/09/2026
मेजर जनरल अमर रामदसानी, एवीएसएम, वाईएसएम, सीओएस, मुख्यालय 9 कोर एवं चेयरमैन, एलबीए, सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा, ने आज स्कूल का दौरा किया। चेयरमैन, एलबीए का कार्यभार संभालने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था।
स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन प्रीति चोपड़ा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल बैंड द्वारा देशभक्ति गीत “सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा” की मधुर धुन प्रस्तुत की गई।
जनरल ऑफिसर को स्कूल की शैक्षणिक, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात उन्होंने स्कूल की प्रमुख सुविधाओं का दौरा किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मेजर जनरल अमर रामदसानी ने स्कूल के स्टाफ एवं स्कूल अपॉइंटमेंट कैडेट्स से बातचीत की। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व के उच्चतम मानकों को बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।