17/08/2026
गांधी वोकेशनल कॉलेज में मनाया स्वतंत्रता दिवस
महाविद्यालय में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के चेयरमैन एवं संचालक अवधेश श्रीवास्तव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।
तत्पश्चात चेयरमैन अवधेश श्रीवास्तव, प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व वीर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में बी.एड. महाविद्यालय की प्राचार्य, प्रशासनिक अधिकारी, बी.एड. विभागाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, सहायक प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अवधेश श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण व समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कॉलेज को शिक्षा के क्षेत्र में 26 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यहाँ एआईसीटीई की अनुमति से एमबीए एवं बीबीए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में गुना में निजी विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए। शिक्षा विभाग के प्रमुख श्रीवास्तव ने शहीदों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। वहीं प्राचार्य ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंत में प्रशासनिक अधिकारी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।