21/12/2025
आत्मीय मित्रो ! सादर अभिवादन
आप अवगत हों कि दिनांक 30 दिसंबर 2025 को गोंडा मुख्यालय पर श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में मंडलीय साहित्य, संस्कृति, ज्ञान कोश निर्माण-कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देवीपाटन मंडल ( गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती) के आप सभी साहित्यकारवृन्द (हिंदी, संस्कृत, उर्दू इत्यादि जिसके भी हों) सांस्कृतिक व्यक्तित्व, ज्ञान (इतिहास, भूगोल, राजनीति, समाजशास्त्र, गणित, विज्ञान, ज्योतिष इत्यादि) के विभिन्न अनुशासनों से जुड़े वरेण्य साथियों का हार्दिक स्वागत है।
उक्त आयोजन दो सत्रों में संपन्न होगा। प्रथम सत्र में उक्त कार्यशाला के महत्त्व, कोश-निर्माण की प्रक्रिया इत्यादि विषय पर 2:30 घंटे विचार-विमर्श संपन्न होगा। भोजनोपरांत द्वितीय सत्र में आप सभी उपस्थित प्रतिभागियों से आपकी रचना-प्रक्रिया और आत्मकथ्य के बारे में हम जानकारी प्राप्त करेंगे। 4:30 बजे अपराह्न आयोजन का समापन किया जाएगा।
*इस संबंध में निम्नलिखित निवेदन के साथ आप सादर आमंत्रित हैं।*
(1) एक गूगल फॉर्म प्रेषित किया जा रहा है, कृपया इसे धीरज के साथ भरकर सबमिट कर दें। जिससे मंडलीय साहित्य-संस्कृति, ज्ञानकोश और इतिहास लेखन में आपके साहित्यिक और बौद्धिक योगदान को समुचित स्थान दिया जा सके।
(2) यदि किसी साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी और ज्ञानी- विज्ञानी का योगदान है, किंतु वह अलक्षित और अज्ञात है; किंतु आपको जानकारी है तो कृपया इस गूगल फॉर्म को आप उसके योगदान के संरक्षण के लिए भी अवश्य भरकर सबमिट करें।
(3) गूगल फॉर्म भरने के साथ एक-दो या चार-छह पृष्ठ, जो भी आवश्यक हो; अपने बारे में और अपनी रचनाओं के बारे में कार्यशाला के दिन लिखकर अवश्य लाएं, जिससे कोश निर्माण हेतु उस सामग्री का उपयोग किया जा सके।
(4) 30 दिसंबर को आप स्वयं आएँ और अपने परिचित किसी साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी, कलाकार ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में जिसने योगदान किया हो; हमारी ओर से निवेदन करके मंडल मुख्यालय पर आयोजित कार्यशाला में लेकर आएँ। आपके द्वारा प्रेषित तथ्य और आपका आगमन न केवल हमारे सौभाग्य का विषय होगा, बल्कि मंडलीय सारस्वत साधना संबंधी कार्यों का दस्तावेजीकरण उपलब्धिपरक होगा ।
(5) कोश-निर्माण और इतिहास लेखन की इस योजना को लेकर हिंदी विभाग भविष्य-भूमि और पूर्वापर के संयुक्त उपक्रम में गंभीर पहल कर रहा है, किंतु बिना आपकी सक्रियता और आशीर्वाद के यह कार्य पूर्णता को प्राप्त नहीं कर सकेगा। यह भी स्पष्ट करना आवश्यक है कि यह पूरा कार्य सहयोग और सहकार से किया जा रहा है।
(6) महाविद्यालय का हिंदी विभाग मंडलीय ज्ञान निधि की आधार-पुस्तकों का संग्रहण भी करना चाहता है, क्योंकि बिना पुस्तकों के ये कार्य संभव नहीं हो सकेंगे। इसलिए यह भी निवेदन है कि यदि आप अपनी पुस्तकों की एक-एक प्रति कार्यशाला के दिन विभाग को उपलब्ध कराएंगे तो हम कृतार्थ होंगे। यदि आपके पास प्रति उपलब्ध नहीं है, तो प्रकाशन का पता अवश्य दीजिएगा। यदि एक ही प्रति है और पुस्तक आउट ऑफ प्रिंट है तो आपकी एक प्रति की फ़ोटो कॉपी कराकर हम विभाग में उसे सुरक्षित रखना चाहेंगे। इस हेतु हम आभारी रहेंगे।
सादर।
https://forms.gle/VtejCLVGFAWEfMnZ8
प्रो. जय शंकर तिवारी
अध्यक्ष, हिंदी विभाग
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा, उत्तर प्रदेश
मोबाइल नं. 9936733601
Email : [email protected]