20/09/2022
गंगापुर सिटी। आज दिनांक 20 सितंबर 2022 को श्रीमान जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार एसडीएमसी और एसएमसी की विशेष बैठक का आयोजन प्रधानाचार्य कक्ष में किया गया।
इस अवसर पर निर्देशानुसार एसडीएमसी का पुनर्गठन किया गया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु कक्षा 5, 8, 10 एवं 12 के पिछले परीक्षा परिणाम की समीक्षा की गई। परीक्षा परिणाम अच्छा रहने पर सभी ने प्रसन्नता जाहिर की।
छात्र कोष/ विकास कोष /जनसहयोग राशि /समसा राशि के विवरण एवं उपयोग से सभी सदस्यों को अवगत कराया गया, पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों एवं प्रस्तावों के आधार पर किए गए कार्यों का अवलोकन किया गया, साथ ही आगामी कार्य योजना में प्राथमिकता तय करते हुए बायोलॉजी लैब मरम्मत एवं अन्य कार्य कराने पर सहमति बनी।
भौतिक सुविधाओं में पानी की समस्या पर चर्चा की गई, पीने के पानी की समुचित व्यवस्था हेतु श्री शिवरतन अग्रवाल सभापति नगर परिषद गंगापुर सिटी ने भामाशाहों के सहयोग से जल मंदिर स्थापित करवाने में प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रार्थना मैदान में इंटरलॉकिंग टाइल भी नगर परिषद द्वारा लगाए जाने में सहमति प्रदान की। विद्यालय के शौचालय की रिपेयरिंग का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिक्षेत्र के अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बालकों को विद्यालय से जोड़ने पर चर्चा की गई, सभी सदस्यों ने भरसक प्रयास कर वंचित छात्रों को शिक्षा से जोड़ने की कार्ययोजना बनाई गई।
विद्यालय में एलुमनी मीट किए जाने पर भी चर्चा की गई जिस पर नगर परिषद सभापति ने एक समूह स्थापित कर अधिकाधिक पूर्व छात्रों को जोड़ने और उनके सहयोग से विद्यालय विकास करवाए जाने की योजना पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के समग्र विकास हेतु प्रमुख कार्यों में मुख्य स्टेज को बडा करवाना, प्रार्थना सभा मैदान पर इंटरलॉकिंग टाइल लगवाना, बायोलॉजी लैब मरम्मत करवाना आदि कार्य चिन्हित किए गए। जिन्हें वरीयता से करवाए जाने का निर्णय लिया गया।
राजस्थान में शिक्षा के बढ़ते कदम योजना पर चर्चा की गई और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की कार्य योजना भी बनाई गई। प्रधानाचार्य श्री ओम प्रकाश बैरवा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में श्री शिवरतन अग्रवाल सभापति नगर परिषद गंगापुर सिटी, श्री बृजनंदन दीक्षित एडवोकेट, श्री विमल कुमार जैन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, श्री बबलू चौधरी वार्ड पार्षद, श्री नबी मोहम्मद एसएमसी अध्यक्ष, श्री उमेश शर्मा शिक्षाविद, श्री सलीम खान विधायक प्रतिनिधि सहित विद्यालय स्टाफ के सभी एसडीएमसी सदस्य भी उपस्थित रहे।