08/06/2026
#सचकोअपनीसोचबनाओ
C- LD-20260185781
मेरे हिन्द का जवान
(रचयिता- डा. अमित जैन)
सीमाओं पर धमक दुश्मनों में धाक
बड़ी होशियारी से करता है
सर्जिकल स्ट्राइक या शान्तिदूत का काम,
मेघदूत, करुणा, विजय, ब्लूस्टार
और आपरेशन सिन्दूर चला दिया,
कश्मीर, कारगिल, पुलवामा में
ढ़ेर सारे खूँखार पाकिस्तानी आतंकियों को
ठिकाने लगा दिया,
डोकलाम में चीनी घुसपैठियों की
नींद हराम कर दी,
विजयगाथा अपनी चहुँओर लिख दी
अर्जुन टैंक, नाग त्रिशूल,
पृथ्वी, अग्नि और ब्रह्मोस
घातक मिसाइलों से तैयार
ऐसी भरता हुंकार
हिन्द का जवान! मेरे हिन्द का जवान। .......................1
इसके भी हैं;
माता-पिता, बहिन, पत्नी प्यारी
पर; इस लाल की
देशभक्ति सभी पर भारी,
जंगल की आग, कड़कड़ाती शरद
बर्फीला तूफान या तपता रेगिस्तान,
दलदल और भयानक बाढ़ में
घने कोहरे और अंधकार में,
बढ़ते कदम रुकने नहीं दिए,
पर्वतों का भी सीना चीरकर
रास्ते नए बना दिए,
आपातकाल में जो फंस गए
जान उनकी बचाने को
देवदूत वो बन गए,
सैनिक पहरा देता है
तब देश चैन से सोता है,
तेज आँधियों में भी है इसकी शान
अनुशासन ही इसकी पहचान,
शेर जैसे इस लाल की जननी को
हमारा कोटि-कोटि प्रणाम
हिन्द का जवान! मेरे हिन्द का जवान। .......................2
जल-थल-नभ तीनों में
रखता है धौंस,
मौत से आँख-मिचोली
इसका है शौक,
एक-एक सैनिक ने ठाना है,
अंतिम साँस तक लड़कर
दुश्मन को हराना है-
जीत का परचम लहराना है,
ऐसा मचाता है कोहराम
मानो मौत का हो अवतार,
फौजी हमारा बड़ा बलवान
हिन्द का जवान! मेरे हिन्द का जवान। .......................3
युद्ध क्षेत्र में
लहूलुहान हो जाता है,
तो कभी विस्फोट में
चिथड़े-चिथड़े हो जाता है,
शौर्यए पराक्रम के महायोद्धा को
तब शहीद कहा जाता है,
सम्मान के साथ इसे
परमवीर चक्र दिया जाता है,
गोलियों की बौछार से निडर
साहस का सूबेदार
हिन्द का जवान! मेरे हिन्द का जवान। .......................4
वतन का सुखदाता शहादत पर मुस्कराता
तिरंगे में लिपटा अंग्रिम पंक्ति का नायक,
देशपुत्र को तोपें करें सलाम
जन-गण-मन का पैगाम
हिन्द का जवान! मेरे हिन्द का जवान। .......................5