19/08/2026
जागरूक युवा ही सशक्त भारत की असली ताकत : एडवोकेट वीरपाल कौर
एमएम कॉलेज फतेहाबाद में सशक्त युवा-सशक्त भारत विषय पर संगोष्ठी का आयोजन फतेहाबाद।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. सुयशा जावा के दिशा-निर्देशानुसार एमएम कॉलेज फतेहाबाद में ‘सशक्त युवा-सशक्त भारत’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागृति स्कीम-2025 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कानूनी साक्षरता, किशोर न्याय प्रणाली और न्याय तक जन-साधारण की आसान पहुंच को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में कॉलेज के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए एडवोकेट वीरपाल कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, कानून की जानकारी हर नागरिक के लिए एक सशक्त हथियार है। जब देश का युवा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होता है, तभी एक मजबूत और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने दैनिक जीवन में काम आने वाले बुनियादी कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव और किशोर न्याय अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह की शुरुआत में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने मुख्य वक्ता वीरपाल कौर एडवोकेट का कॉलेज प्रांगण में स्वागत किया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्राचार्य ने कहा कि इस तरह के विधिक साक्षरता कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल जागरूक नागरिक बनाते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन राजनीति विज्ञान विभाग से डॉ. सुशील कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कानून के सही पालन की महत्ता बताई। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनका आभार जताया। इस मौके पर कॉलेज स्टाफ से डॉ. सुरेन्द्रपाल, प्रो. वीरेंद्र, प्रो. गुरप्रीत, डॉ. बलवान, अजय ढाका, प्रो. वारिस, डॉ. विकेश सेठी और नितिन सचदेवा सहित काफी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।