09/12/2025
नवोदय एलुमनाई मीट, 2025:हृदय से आभार
नवोदय एलुमनाई एसोसिएशन फरीदाबाद (NAAF) की ओर से हम सर्वप्रथम पीएम श्री स्कूल-जवाहर नवोदय विद्यालय, मोठूका, फरीदाबाद के आदरणीय प्राचार्य महोदय श्री अनिल कुमार यादव सर का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। आपकी उत्कृष्ट, व्यवस्थित एवं सूक्ष्मतापूर्ण तैयारियों ने पूरे आयोजन को हर दृष्टि से विशेष रूप से सफल बनाया। नवोदय परिवार के समर्पित सहयोग ने कार्यक्रम को और भी अधिक गरिमापूर्ण रूप प्रदान किया।
हम स्वागत टीम के प्रति भी हार्दिक धन्यवाद प्रकट करते हैं, जिन्होंने गुलाब के फूल, तिलक और बैज के साथ सभी पूर्व विद्यार्थियों का पारंपरिक एवं स्नेहभरा स्वागत किया।
हम अपने सम्मानित पूर्व अध्यापकों श्री धर्मपाल शर्मा सर, डॉ. निर्भय कुमार द्विवेदी सर, तथा श्री स्वपन कुमार पात्रा सर का विशेष आभार व्यक्त करते हैं। उनकी स्नेहमयी उपस्थिति और आशीर्वाद ने एलुमनाई मीट,2025 को वास्तव में गरिमामय, प्रेरणादायक और भावुक बना दिया।
विद्यालय के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा की गई उत्कृष्ट मंच सजावट, रचनात्मक डेकोरेशन, तथा प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा, उत्साह और सौंदर्य का विशेष योगदान दिया। विद्यार्थियों का प्रदर्शन सचमुच सराहनीय और शानदार रहा।
कार्यक्रम के अंत में परोसा गया स्वादिष्ट लंच सभी के लिए आनंददायक अनुभव रहा। इसके लिए हम नवोदय परिवार एवं भोजन व्यवस्था से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति हृदय से धन्यवाद व्यक्त करते हैं।
हम नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के प्रति भी अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने 1993–2000 बैच के सिल्वर जुबली समारोह को सम्मानपूर्ण एवं प्रेरणादायक रूप में आयोजित किया। पूरे बैच को एक साथ सम्मानित होते देखना गर्व और भावनाओं से भरा अद्वितीय क्षण था।
हम, तुषार (बैच 2018) को हृदय से बधाई देते हैं, जिन्होंने CDSE, 2022 में ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर नवोदय परिवार का गौरव बढ़ाया और उनको कार्यक्रम में प्रेरक विचार साझा करने के लिए भी विशेष धन्यवाद देते हैं। इसी प्रकार, सुश्री शीतल (बैच 2017, आई.आई.टी, इंदौर) का भी हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं जिनके विचारों ने कार्यक्रम को ज्ञान व प्रेरणा से समृद्ध कर दिया।
हम सभी नाफ़ (NAAF) की कोर कमेटी के सदस्यों का भी धन्यवाद करते हैं जिनकी निरंतर मेहनत, समन्वय और समर्पण ने पूरी एलुमनाई कम्युनिटी को जोड़कर रखा और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हम 2006 बैच के उत्कृष्ट नेतृत्व और उनके द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों व प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए, उनका हृदय से आभार प्रकट करते हैं। उनके सक्षम मार्गदर्शन में नाफ़ (NAAF) ने उल्लेखनीय ऊँचाइयाँ प्राप्त की है। अब उन्होंने अपनी जिम्मेदारी सम्मानपूर्वक 2007 बैच को सौंप दी है और हमें पूर्ण विश्वास है कि 2007 बैच के नेतृत्व में आने वाला वर्ष भी नाफ़ (NAAF) के लिए और भी अधिक एकता, सहयोग और नई उपलब्धियों से भरा होगा।
सादर सहित,
2006 बैच
नवोदय एलुमनाई एसोसिएशन फरीदाबाद (NAAF)