15/08/2026
जयोत्री अकादमी में पूरे जोश-ओ-खरोश के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
भरथना, 15 अगस्त। जयोत्री अकादमी में देशभक्ति, उत्साह और उमंग से सराबोर स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं भरथना के पूर्व चेयरमैन श्री मनोज पोरवाल ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुबोध श्रीवास्तव एवं सभासद दलवीर सिंह फौजी फौजी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज को नमन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री योगेंद्र नाथ मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत पटका पहनाकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
समारोह की शुरुआत कक्षा छठी की प्रतिभाशाली पियानो वादक समृद्धि गुप्ता द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के सुमधुर गायन एवं पियानो वादन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गान एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि श्री मनोज पोरवाल ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जयोत्री अकादमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी के गुणों से युक्त करना है। उन्होंने विद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
इसके बाद कक्षा नौ के छात्र अर्जुन ने अंग्रेजी में तथा कक्षा बारहवीं की छात्रा आर्या ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग और सामूहिक प्रस्तुति ‘लेहरा दो’ ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा काशिश ने हिंदी में ओजपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समापन अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल ने कहा कि स्वतंत्रता अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियां भी देती है और विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन तथा राष्ट्रप्रेम के साथ देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह का कुशल संचालन श्रीमती अश्वनी एवं काजल रुखसार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह ने उपस्थित सभी लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और प्रबल किया।