10/08/2026
सावित्रीबाई फुले संस्कार केंद्र का उद्घाटन समारोह 🌿
दिनांक 08 अगस्त 2026, शनिवार को विद्या भारती दिल्ली प्रांत के महामंत्री डॉ. सतीश माहेश्वरी जी की प्रेरणा एवं सेवा शिक्षा परिवार के प्रयासों से आर.आर. गीता बाल भारती पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुरी में सावित्रीबाई फुले संस्कार केंद्र का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सतीश माहेश्वरी जी, महामंत्री, विद्या भारती दिल्ली प्रांत द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री चंद्रकांत जी, मंत्री, हिंदू शिक्षा समिति; श्री विनोद शर्मा जी, उपाध्यक्ष, हिंदू शिक्षा समिति एवं प्रांत सेवा शिक्षा प्रमुख; श्री ओम शरण श्रीवास्तव जी, प्रांत सेवा शिक्षा प्रभारी; श्री नरेंद्र दत्त जी, प्रांत सेवा शिक्षा संयोजक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रांत सेवा शिक्षा संयोजक श्री नरेंद्र दत्त जी ने बताया कि सावित्रीबाई फुले संस्कार केंद्र आर.आर. गीता बाल भारती पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुरी का प्रथम तथा विद्या भारती दिल्ली प्रांत का 124वाँ संस्कार केंद्र है। उन्होंने संस्कार केंद्र की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि विद्यालय के पंचप्राण—विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक, प्रबंध समिति एवं पूर्व छात्र—सभी के मन में समाज के प्रति संवेदना जागृत होनी चाहिए और संस्कार केंद्र के संचालन में सभी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि संस्कार केंद्रों के माध्यम से बच्चों में साक्षरता के साथ-साथ देशभक्ति, हिंदुत्व, सामाजिक समरसता एवं संस्कारों का विकास किया जाता है। इस अवसर पर बच्चों को क्रियात्मक गतिविधि के माध्यम से संस्कार गीत भी करवाया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य अतिथि डॉ. सतीश माहेश्वरी जी ने सावित्रीबाई फुले जी के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने बालिका शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया और प्रथम बालिका विद्यालय के प्रारंभ में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों में बच्चों को साक्षरता के साथ-साथ जीवनोपयोगी संस्कार भी प्रदान किए जाते हैं। पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता के भाव को संस्कार केंद्रों के माध्यम से व्यवहार में उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. माहेश्वरी जी ने संस्कार केंद्र के बच्चों से गिनती एवं अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों द्वारा दिए गए सही उत्तरों पर उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बताया कि दक्षिणी विभाग के पुष्प विहार विद्यालय द्वारा वर्तमान में 16 संस्कार केंद्रों का संचालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, समाजसेवी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के अध्यक्ष श्री हरबंस लाल सोनी जी, उपाध्यक्षा श्रीमती मनीषा अग्रवाल जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती रश्मि जैन जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
“संगठन से सेवा, सेवा से संगठन।
बचपन के आँगन में सजे, संस्कारों के रंग।” 🌻